रायबरेली। जिले में बाबा भोले का दर्शन करने के लिए जाने वाले 650 अमरनाथ यात्री यात्रा के लिए फिट हैं। संबंधितों को जिला अस्पताल से स्वस्थ होने का प्रमाणपत्र मिल चुका है। शुक्रवार को 200 से अधिक और यात्री स्वास्थ्य जांच कराने के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। भीड़ अधिक होने के कारण सामान्य मरीजों को ओपीडी में ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ा।
खासकर पैथोलॉजी में बाबा के भक्तों की भीड़ होने के कारण जांच कराने में अन्य मरीजों के परेशानी हुई। प्रक्रिया पूरी होने के बाद भक्तों को स्वस्थ होने का प्रमाणपत्र दिया गया। अमरनाथ यात्रा पर जाने के लिए भक्तों को स्वस्थ होना जरूरी है। आवेदन के साथ उन्हें जिला अस्पताल से जारी स्वास्थ्य परीक्षण लगाना अनिवार्य है।
शुक्रवार को पर्चा काउंटर से लेकर ओपीडी कक्षों तक भीड़ रही। व्यवस्था न होने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। ईसीजी के साथ ही अन्य चिकित्सीय परामर्श लेने में भी पसीना बहाना पड़ा। हॉस्पिटल प्रबंधक डॉ. बीआर यादव का कहना है कि अब तक 650 अमरनाथ यात्रियों को स्वास्थ्य प्रमाणपत्र दिया जा चुका है। जो भी भक्त आ रहे हैं। प्रक्रिया पूरी करके उन्हें प्रमाणपत्र जारी किया जा रहा है।