आज आठ घंटे ट्रेनों का आना-जाना बंद
रायबरेली। लखनऊ-वाराणसी रेल लाइन का विद्युतीकरण पूरा करने के लिए रायबरेली में मंगलवार को आठ घंटे का ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा, जिससे इस दरम्यान जंक्शन से कोई भी गाड़ी नहीं निकल सकेगी। ब्लॉक के चलते आठ एक्सप्रेस और 16 पैसेंजर ट्रेनें निरस्त रहेंगी तो छह ट्रेनों को डायवर्ट किया गया है। साथ ही सभी मालगाड़ियों को रायबरेली के बजाय गौरीगंज से इलाहाबाद होकर कानपुर रवाना किया जाएगा।
दरअसल रायबरेली जंक्शन पर लगे 44 पुराने सिग्नल बदलने के लिए 15 से 19 मार्च तक की नॉन इंटरलॉकिंग (एनआई) की अनुमति मिली थी। अभी तक सिर्फ दो-दो घंटे के दो ब्लॉक लिए गए हैं, लेकिन अंतिम दिन 19 मार्च को सुबह 10 बजे से शाम छह बजे तक आठ घंटे का ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा।
इस दौरान पुराने सिग्नल की जगह लगाए गए नए कलर लाइट सिग्नल को रिले रूम और एएसएम ऑफिस से कनेक्ट किया जाएगा, ताकि विद्युतीकृत लाइन पर इलेक्ट्रिक इंजन से ट्रेनें फर्राटा भर सकें। ये काम रेल विकास निगम लिमिटेड करा रहा है।
इसके चलते सोमवार को रायबरेली-जौनपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस, वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस, वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस, प्रयाग-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस, रायबरेली-रघुराज सिंह पैसेंजर, रायबरेली-रघुराज सिंह पैसेंजर, ऊंचाहार-रायबरेली पैेसेंजर, रायबरेली-कानपुर पैसेंजर, बरेली-प्रयाग पैसेंजर, प्रयाग-लखनऊ पैसेंजर, रायबरेली-कानपुर पैसेंजर, रायबरेली-ऊंचाहार पैसेंजर ट्रेन (सभी अप-डाउन) निरस्त रहेंगी।
नई दिल्ली से पुरी लौटने वाली गाड़ी संख्या 12876 नीलांचल एक्सप्रेस को कानपुर-इलाहाबाद होकर संचालित किया जाएगा। राजेंद्र नगर से जम्मू तवी जाने वाली गाड़ी संख्या 12355 अर्चना एक्सप्रेस को फैजाबाद होकर चलाया जाएगा।
प्रतापगढ़ से दिल्ली के बीच संचालित गाड़ी संख्या 14207 एवं 14208 पद्मावत एक्सप्रेस और हावड़ा से अमृतसर के बीच संचालित गाड़ी संख्या 13005 एवं 13006 पंजाब मेल को सुल्तानपुर होकर चलाया जाएगा। ऐसे में ये सभी गाड़ियां रायबरेली नहीं आ सकेंगी।
इलाहाबाद से सहारनपुर के बीच संचालित गाड़ी संख्या 14511 और 14512 नौचंदी एक्सप्रेस को सिर्फ लखनऊ तक ही चलाया जाएगा। येे गाड़ी लखनऊ से इलाहाबाद के बीच निरस्त रहेगी। बरेली से लौटने वाली त्रिवेणी एक्सप्रेस को आधा घंटा और वाराणसी से नई दिल्ली जाने वाली काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस को 20 मिनट रोककर चलाया जाएगा।
रायबरेली जंक्शन के स्टेशन अधीक्षक राकेश कुमार ने बताया कि पुराने सिग्नल बदलने तथा रेल लाइन विद्युतीकरण के लिए पांच दिन का ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया है। मंगलवार को आठ घंटे का ट्रैफिक ब्लॉक लेकर सारा काम पूरा कर लिया जाएगा। बुधवार से रेल यातायात सामान्य हो जाएगा और गाड़ियां अपने समय से संचालित होंगी।