अवैध निर्माण की गलत रिपोर्ट देने पर लेखपाल सस्पेंड
रायबरेली। सदर तहसील क्षेत्र के लोकवापुर मजरे जोहवाशर्की गांव में बंजर जमीन पर अवैध निर्माण के मामले में लेखपाल को निलंबित कर दिया गया है। डीएम के आदेश के बाद भी लेखपाल ने गलत रिपोर्ट दी और अवैध निर्माण बंद भी नहीं कराया। इसी के चलते डीएम के आदेश पर लेखपाल को निलंबित किया गया है।
सदर तहसील क्षेत्र के लोकवापुर मजरे जोहवाशर्की गांव में बंजर जमीन पर अवैध निर्माण हो रहा था। इसकी शिकायत पर डीएम नेहा शर्मा ने लेखपाल मो. शोएब से मामले में रिपोर्ट तलब की। मगर लेखपाल ने अवैध निर्माण बंद कराए बिना ही गलत रिपोर्ट दे दी।
दोबारा शिकायत मिलने पर डीएम ने एसडीएम सदर शशांक त्रिपाठी व नायब तहसीलदार विनोद चौधरी को मौके पर भेजकर जांच कराई तो पाया गया कि जोहवाशर्की के मजरे लुकवाखेड़ा में ग्रामसभा की बंजर भूमि गाटा नंबर 419 और 470 पर राम विशाल द्वारा अवैध निर्माण कराया जा रहा था।
मंदिर प्रांगण और पुश्तैनी घर बताकर बाउंड्रीवाल का निर्माण कार्य कराया जा रहा था। एसडीएम ने निर्माण कार्य रुकवा दिया। एसडीएम शशांक त्रिपाठी ने बताया कि लेखपाल मोहम्मद शोएब को अवैध निर्माण की गलत रिपोर्ट देने पर निलंबित कर दिया गया है। अन्य कार्रवाई भी की जाएगी।