डीह (रायबरेली)। किसानों से धान खरीद के लिए खोले गए खरीद केंद्रों पर तौल नहीं हो रही है। इससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कुछ किसान खरीद केंद्र पर धान बेंचने के लिए उतार आए हैं, उन्हें अब अपने धान की रखवाली करनी पड़ रही है। मजबूरी में किसानों को आढ़तियों के हाथ धान बेंचना पड़ रहा है।
टेकारीदादू के साधन सहकारी समिति में धान खरीद केंद्र खोला गया है। यहां पर तैनात केंद्र प्रभारी करुणा शंकर एक सप्ताह से नहीं आए। इससे किसानों के धान की तौल नहीं हो पा रही है।
किसान संतराम, राजेश कुमार ने बताया कि धान बेंचने के लिए खरीद केंद्र पर उतार गए थे, लेकिन अब तक तौल नहीं कराई गई। इससे धान की रखवाली करनी पड़ रही है।
साधन सहकारी समिति टेकारीदादू के अध्यक्ष रविशंकर द्विवेदी ने बताया कि अधिकारियों से इसकी शिकायत की गई है, लेकिन अब कोई सुनवाई नहीं हुई।
किसान रामसुमेर, जगजीवन, रामलाल, माता प्रसाद ने बताया कि गेहूं की बोआई के लिए खाद, बीज खरीदना है। धान बेंच कर खरीद करनी है, लेकिन अब तक धान नहीं बिका।
आढ़तियों के हाथ मजबूरी में बेंचना पड़ रहा है। सहायक विकास अधिकारी सहकारिता श्याम प्रकाश यादव ने बताया कि केंद्र प्रभारी करुणा शंकर की तबियत खराब होने के कारण वह मेडिकल पर है। दूसरे केंद्र प्रभारी की तैनाती कराकर धान खरीद कराई जाएगी।