मतरमपुर व बथुआखास में होगी घपले की जांच
रायबरेली। रोहनियां ब्लॉक के मतरमपुर और सतांव ब्लॉक के बथुआ खास में विकास कार्यों में मनमानी की जांच होगी। इसके लिए डीएम ने आदेश दे दिए हैं। जांच के लिए दो-दो सदस्यीय अधिकारियों की टीम बनाई गई है। जांच के आदेश के बाद प्रधानों में हड़कंप मच गया है।
रोेहनियां के मतरमपुर गांव निवासी बाबा श्रीपाल सिंह ने डीएम को शिकायतीपत्र देकर आरोप लगाया कि पूर्व प्रधान ने खड़ंजे की ईंटों को निकलवाकर निजी काम में लगवा लिया है।
इसके अलावा राज्य वित्त और 14वें वित्त से विकास कार्य कराने में भी जमकर मनमानी की गई है। मामले में डीएम ने उप कृषि निदेशक और डीआरडीए के सहायक अभियंता की जांच टीम गठित कर दी है।
सतांव ब्लॉक के बथुआ खास गांव निवासी राममिलन चौधरी ने डीएम को शिकायतीपत्र देकर आरोप लगाया है कि प्रधान ने गांव की सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया है।
इसके अलावा ग्रामीणों ने प्रधान पर कई और आरोप लगाए हैं। मामले में एसडीएम सदर और जिला ग्रामोद्योग अधिकारी की टीम जांच के लिए बनाई है।
डीएम संजय कुमार खत्री ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जएगी। जांच के लिए टीमें बनाई गई हैं।