सीएचसी में नहीं मिले इंजेक्शन, गोदाम से मंगवाकर लगवाए
डलमऊ (रायबरेली)। लाख दावों के बाद भी स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी रैबीज के इंजेक्शन नहीं हैं। क्षेत्र में कुत्तों के काटने के बाद अलग-अलग गांव के एक दर्जन से अधिक लोग सीएचसी पहुंचे, लेकिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एंटी रैबीज इंजेक्शन नहीं मिले।
एक साथ कई घायलों के आने के बाद अधीक्षक को एंटी रैबीज इंजेक्शन की याद आई और उन्होंने तुरंत सीएमओ कार्यालय से एंटी रैबीज इंजेक्शन मंगवाकर लोगों को लगवाया।
मंगलवार को तहसील क्षेत्र के गंज बड़ेरवा और सहमदा गांव में आवारा कुत्ते ने गांव के प्रिंस (4), सुनीता (40), रामू (27), इमामुननिशां (60), जगत नारायण (65), आरती (27), पूरे लालू निवासी विमलेश कुमार (18), रोसी निवासी रामू (40), पूरे जिलेदार निवासी माधुरी (7),मुराई बाग कस्बा निवासी महक (2), पूरे मोहकम मजरे करकसा निवासिनी हिमांशी (11), पूरे देवा निवासी छोटू (12), खरगपुर कुर्मियाना निवासी नयन कुमार (8) को काटकर घायल कर दिया।
घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन सीएचसी में एंटी रैबीज इंजेक्शन न होने के कारण मरीजों का इलाज शुरू नहीं हो सका। इससे हड़कंप की स्थिति रही।
सीएचसी अधीक्षक ने सीएमओ कार्यालय स्थित दवा गोदाम से रैबीज इंजेक्शन मंगवाकर मरीजों में लगवाया। ऐसे में मरीजों को इलाज के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
अधीक्षक डॉ. विनोद सिंह चौहान ने बताया कि प्रतिदिन लगभग 5 से 8 मरीज आते हैं, जिससे जिला मुख्यालय से पर्याप्त मात्रा में रैबीज इंजेक्शन न मिल पाने के कारण दिक्कत आ जाती है।