पांच लाख बकाये पर पूरे पंडित का पुरवा गांव अंधेरे में
रायबरेली। दीनशाह गौरा ब्लॉक में पूरे पंडित का पुरवा गांव के उपभोक्ताओं को बिजली का बिल नहीं जमा करना महंगा पड़ गया।
शुक्रवार को पूरे गांव की बिजली आपूर्ति काट दी गई। इससे हड़कंप मच गया। इन उपभोक्ताओं को कई बार चेतावनी दी गई, लेकिन किसी ने बिजली का बिल नहीं जमा किया। उपभोक्ताओं के ऊपर करीब पांच लाख रुपया बकाया है।
अवर अभियंता राजीव यादव ने बताया कि बकाया बिल जमा करने के लिए कई बार उपभोक्ताओं को सूचना दी गई। धारा तीन का नोटिस भी दिया गया, लेकिन किसी ने बिजली का बिल नहीं जमा किया।
अवर अभियंता ने बताया कि गांव में करीब 55 उपभोक्ता हैं। किसी का 10 तो किसी का 15 हजार रुपया बकाया है। उच्चाधिकारियाें का दबाव होने के चलते इस गांव में कैंप भी लगाया गया, लेकिन उपभोक्ताओं ने बिल जमा करने में कोई रुचि नहीं दिखाई।
बकाया नहीं जमा करने पर ट्रांसफार्मर से केबल हटवा दिया गया है। जब तक उपभोक्ता बिल नहीं जमा करते, तब तक केबल नहीं जोड़ा जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी ने केबल जोड़ा तो उसके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा।