नसीराबाद के विकास को छह करोड़ का प्रस्ताव पास
परशदेपुर (रायबरेली)। नगर पंचायत नसीराबाद की पहली बोर्ड की बैठक शनिवार को हुई। नवनिर्वाचित अध्यक्ष व सभी सभासदों ने एक सुर में नगर के विकास के लिए प्रस्ताव रखे, जिसमें लगभग छह करोड़ के प्रस्ताव पास हुए।
बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष अनीसा बानो ने की। सभी की सहमति से नाली, इंटरलॉकिंग, शव दाहगृह, पार्क , पेयजल के लिए एक पानी की टंकी, नगरवासियों को पानी पीने के लिए नगर में पाइप लाइन बिछाए जाने के लिए करीब छह करोड़ खर्च करने पर सहमति बनी।
कूड़ा डंपिंग, नागरिकों को शुद्ध पेयजल के लिए आरो प्लांट, नगर की गलियां संकरी होने के कारण कूड़ा उठाने के लिए ठेलिया व नगर पंचायत के लिए एक ऑफिस का निर्माण कराने का प्रस्ताव भी पास किया गया।
नगर पंचायत अध्यक्ष अनीसा बानो ने बताया कि नगर के विकास के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। अधिशाषी अधिकारी अजीत कुमार बागी ने बताया की सभी की सहमति से लगभग छह करोड़ का प्रस्ताव पास हुआ।
इस मौके पर मोहम्मद हारुन, रामचंद्र, अरविंद कुमार, मोहम्मद इकराम, अनीश, विष्णु कुमार, बिपाता, अफसाना बानो व उजरा बानो आदि मौजूद रहे।