एक ही काम को दो बार निकाली रकम, सहायक लेखाकार सस्पेंड
रायबरेली। छतोह ब्लॉक में तैनात सहायक लेखाकार ने फर्जी तरीके से एक ही कार्य के लिए दो बार रुपये निकाल लिए। डीसी मनरेगा की जांच में घपला उजागर होने पर सहायक लेखाकार को सस्पेंड कर जिला विकास अधिकारी कार्यालय से संबद्ध कर दिया है।
डीसी मनरेगा अनिल कुमार सिंह ने बताया कि छतोह ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत अब्दुलमऊ में मनरेगा योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2016-17 व 2017-18 में कराए गए कार्यों का भौतिक सत्यापन किया गया था। सत्यापन के दौरान खड़ंजा निर्माण पंचायत भवन से राज नारायण के खेत तक 198400.00 रुपये और भावापुर मोड़ से राज नारायण के खेत तक में 195300.00 रुपये बिना कार्य कराए ही निकाले गए। जिसकी पुष्टि एमआईएस रिपोर्ट से की गई। एमआईएस रिपोर्ट के अनुसार उक्त दोनों कार्य का 135700.00 रुपये का भुगतान वित्तीय वर्ष 2015-16 में भी किया गया है। उन्होंने बताया कि सहायक लेखाकार राजेंद्र बाबू शर्मा को सस्पेंड कर कर जिला विकास अधिकारी कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
इस मामले में एफआईआर भी हो चुकी
अब्दुलमऊ गांव में मनरेगा के तहत हुए खेल के मामले में पहले ही ग्राम रोजगार सेवक अनिल कुमार और ग्राम विकास अधिकारी बृजेश व अन्य के खिलाफ नसीराबाद थाने में केस दर्ज कराया गया है, जिसकी जांच अभी चल रही है। वहीं अब लेखाकार को इस मामले में सस्पेंड कर दिया गया है।