बैंक ऑफ इंडिया गुलूपुर का शटर तोड़ा, कम्प्यूटर चोरी
रायबरेली। हरचंदपुर थाना क्षेत्र में शनिवार रात बेखौफ चोरों ने गुलूपुर स्थित बैंक ऑफ इंडिया शाखा का शटर तोड़कर एक कंप्यूटर, यूपीएस की बैट्री समेत कई दस्तावेज चोरी कर लिए। यही नहीं एटीएम तक तोड़ दिया, लेकिन इलेक्ट्रॉनिक लॉक होने से कैश चोरी करने में सफल नहीं हो पाए। सुबह बैंक में चोरी की घटना से हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस ने जांच की। बैंक से क्या-क्या चोरी गया है, इसका मिलान कराया जा रहा है।
लखनऊ-इलाहाबाद राजमार्ग स्थित गुलूपुर में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की शाखा खुली है। रात में चोरों ने बैंक में धावा बोल दिया। एटीएम तोड़ डाला, लेकिन इलेक्ट्रॉनिक लॉक की वजह से कैश नहीं निकाल पाए। यही नहीं चोर बैंक का शटर तोड़कर उसके अंदर घुस गए। इसके बाद एक कंप्यूटर, यूपीएस की एक बैट्री समेत कई महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर गए। चोरी गए कंप्यूटर में लेनदेन का ब्योरा अपलोड था।
सुबह क्षेत्रीय लोग बैंक की तरफ गए तो शटर टूटा देख दंग रह गए। इसकी सूचना शाखा प्रबंधक प्रगति को दी गई। सूचना पर यूपी डायल 100 पुलिस के अलावा थानेदार धीरेंद्र यादव ने घटना की पड़ताल की। शाखा प्रबंधक का कहना है कि कंप्यूटर, यूपीएस की बैट्री चोरी का पता चला है, और क्या-क्या सामान चोरी गया है, इसका मिलान कराया जा रहा है। चोर एटीएम से कैश नहीं निकाल पाए। मिलान के बाद तहरीर दी जाएगी। थानेदार का कहना है कि बैंक में चोरी हुई है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी।
क्षेत्रीय कार्यालय की टीम ने की जांच
बैंक ऑफ इंडिया में चोरी की सूचना पर क्षेत्रीय कार्यालय की टीम मौके पर पहुंची और जांच की। रीजनल ऑफिस से आए बैंक के अधिकारी अरुण कुमार श्रीवास्तव, पीपी सिंह की अगुवाई में पहुंची टीम दो घंटे से अधिक समय तक जांच कर लौट गई। टीम के सदस्यों का कहना है कि क्या-क्या चोरी हुई है, इसकी पूरी जांच की जा रही है।