रायबरेली। लखनऊ में कोचिंग में आग की घटना के बाद जिले के निजी नर्सिंगहोम पर शिकंजा कसा गया है। एसीएमओ डॉ. अंबिका प्रकाश की टीम ने शहर के 12 निजी अस्पतालों का निरीक्षण करके खामियां खंगाली। अस्पतालों के संचालकों को खामियां दूर कराने के निर्देश दिए। प्रथम दृष्टया जांच में जिले के 60 निजी अस्पतालों की फायर एनओसी समाप्त मिली। सीएमओ ने अस्पतालों के संचालकों को सात दिन में एनओसी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
एसीएमओ डॉ. अंबिका प्रकाश की टीम ने वंदना हॉस्पिटल, रामा मल्टी स्पेशलिटी, अर्पण हॉस्पिटल, डिवाइन हॉस्पिटल, अनुष्ठान, अविरल, कल्याण, यूनिटी समेत 12 निजी अस्पतालों का निरीक्षण किया। इसमें कई अस्पतालों में खामियां मिली। कहीं फायर एनओसी नहीं मिली तो कहीं अन्य तमाम खामियां मिलीं।
उधर, अग्निशमन विभाग ने जिले के 77 निजी अस्पतालों की सूची सीएमओ को देकर फायर की एनओसी न होने की सूचना दी। स्वास्थ्य विभाग के अभिलेखों की जांच की गई तो इसमें नौ नर्सिंग होम पहले से ही बंद हो चुके हैं। छह निजी अस्पतालों की फायर एनओसी वर्तमान में वैध मिली। एक संस्थान अब तक पंजीकृत नहीं हुआ है। एक अन्य अस्पताल होम्योपैथी विभाग से संबंधित है। 60 निजी अस्पताल ऐसे मिले, जिनकी फायर एनओसी समाप्त हो चुकी है।
सीएमओ डॉ. नवीनचंद्रा ने बताया कि अस्पताल संचालकों को सात दिन में एनओसी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।