उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल और इंटर परीक्षाओं में भले ही महत्वपूर्ण विषयों का एग्जाम न रहा हो, लेकिन सचल दलों ने फर्राटा भरा और ज्यादा से ज्यादा परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने की कोशिश की। गुरुवार को हाईस्कूल की रंजन कला, सिलाई, इंटर की कंप्यूटर, नागरिक शास्त्र की परीक्षा कराई गई। इसमें 613 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
पहली पाली में हुई हाईस्कूल की रंजन कला की परीक्षा में सिर्फ एक परीक्षार्थी ही पंजीकृत रहा, वह भी परीक्षा देने नहीं पहुंचा। इसी तरह इंटर की कंप्यूटर विषय की परीक्षा में 430 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 374 ने परीक्षा दी और 56 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
दूसरी पाली में हाईस्कूल की सिलाई की परीक्षा में 35 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से एक परीक्षार्थी नहीं आया। इसी पाली में इंटर की नागरिक शास्त्र की परीक्षा कराई गई। इसमें 6811 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 6256 परीक्षार्थियों ने एग्जाम दिया और 555 अनुपस्थित रहे।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. चंद्रशेखर मालवीय ने शहर क्षेत्र और आसपास के ग्रामीण इलाकों के परीक्षा केंद्रों में छापेमारी की। दूसरी पाली में डीआईओएस ने महात्मा गांधी इंटर कालेज, गायत्री इंटर कालेज रुस्तमपुर, कृष्ण इंटर कालेज रुस्तमपुर, सिद्धार्थ पब्लिक इंटर कालेज अशोक नगर रतंसीपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान सीसीटीवी की फुटेज देखी और परीक्षा कक्षों में जाकर एग्जाम का जायजा लिया।