शहर के राजकीय बालिका इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र के बाहर चेकिंग के दौरान लाइन खड़ी प्रवेशपत्र दिख
रायबरेली। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा सोमवार से जिले के 11 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच शुरू हो गई। पहले दिन कुल पंजीकृत 7,488 अभ्यर्थियों में से 5,501 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 1,987 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
यह परीक्षा दो पालियों में 10 जून तक चलेगी। परीक्षा को पूरी तरह से नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए सीसीटीवी कैमरों से निगरानी, मजिस्ट्रेटों की तैनाती और कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
परीक्षा के पहले दिन प्रशासन सुरक्षा को लेकर पूरी तरह मुस्तैद दिखा। आचार्य द्विवेदी इंटर कॉलेज, भारती शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज, देदौर इंटर कॉलेज और जनपद इंटर कॉलेज सहित सभी 11 केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन चेकिंग की गई।
सुरक्षाकर्मियों ने अभ्यर्थियों के बालों, कानों और गहन बायोमेट्रिक व इलेक्ट्रॉनिक जांच के बाद ही उन्हें केंद्र में प्रवेश दिया।
इस बीच डीएम सरनीत कौर ब्रोका और एसपी रवि कुमार ने चंद्रपाल इंटर कॉलेज गंगागंज और केबी सिन्हा राजकीय बालिका इंटर कॉलेज समेत कई केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। डीएम ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जा रहा है। एडीएम प्रशासन सिद्धार्थ ने बताया कि पहली पाली में कुल 3,744 अभ्यर्थियों में से 2,768 उपस्थित और 976 अनुपस्थित रहे।
दूसरी पाली में इतने ही कुल अभ्यर्थियों में से 2,733 उपस्थित और 1,011 अनुपस्थित रहे। पहले दिन दोनों पालियों को मिलाकर कुल उपस्थिति 5,501 और अनुपस्थिति 1,987 दर्ज की गई।