रायबरेली। सांसद सोनिया गांधी 11 अप्रैल को कलेक्ट्रेट में नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। इस दौरान उनके साथ बेटी प्रियंका व पुत्र और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भी मौजूद रहेंगे। जिले में पांचवें चरण में 10 अप्रैल से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो रही है।
सोनिया गांधी के प्रतिनिधि केएल शर्मा ने फोन पर बताया कि सोनिया गांधी के नामांकन की तैयारी चल रही है। 11 अप्रैल को नामांकन कराए जाने की तैयारी है।
इसके लिए वह शनिवार को दिल्ली से रायबरेली पहुंच जाएंगे और नामांकन की तैयारी को अंतिम रूप देंगे। पुरानी परंपरा के साथ ही मैडम नामांकन करेंगी।
उन्होंने बताया कि नामांकन के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका वाड्रा मौजूद रहेंगी। उन्होंने बताया कि गांधी परिवार की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के समय से परंपरा रही है कि हवन पूजन करने के बाद नामांकन किया जाता है।
इसी के तहत केंद्रीय कार्यालय में सोनिया गांधी हवन पूजन के बाद नामांकन के लिए निकलेंगी। उनके साथ अमेठी सांसद राहुल गांधी और बेटी प्रियंका वाड्रा भी मौजूद रहेंगी।