ओवरब्रिज निर्माण में लगे श्रमिक की संदिग्ध हालात में मौत
रायबरेली। सुल्तानपुुर राजमार्ग पर रेल क्रॉसिंग के पास निर्माणाधीन ओवरब्रिज में काम कर रहे एक श्रमिक की शनिवार को संदिग्ध हालात में मौत हो गई।
इस घटना से साथियों में हड़कंप मच गया। मौत की कोई वजह सामने नहीं आई है। उसके साथ काम करने वाले साथी मजदूर और सुपरवाइजर घटना को लेकर अलग-अलग बात कह रहे हैं, जिस पर मामला संदिग्ध लग रहा है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया हैै।
बलिया जिले के सतवार थाना क्षेत्र के दुघौला गांव निवासी दयानिधि शर्मा (28) पुुत्र रामकृपाल यहां आईटीआई के पास रेल क्रॉसिंग पर बन रहे ओवरब्रिज में मजदूरी करता था।
यहीं पर वह अन्य साथियों के साथ रहता भी था। बताते हैं कि सुबह दयानिधि मजदूरी करने गया था। इसी दौरान अचानक उसकी हालत बिगड़ गई और वह जमीन पर गिरकर बेहोश हो गया।
उसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। उसके साथ काम कर रहे श्रमिक का कहना है कि अचानक दयानिधि की हालत बिगड़ी थी।
बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा, जिससे उसकी मौत हो गई। उधर, सुपरवाइजर राकेश का कहना है कि दयानिधि मजदूरी करने नहीं आया था।
कमरे में था, तभी उसकी हालत बिगड़ी थी। अस्पताल पहुंचाने पर उसकी मौत हुई। साथी मजदूर व सुपरवाइजर के अलग-अलग बयान मामले को उलझा रहे हैं।
मिल एरिया एसओ जेपी यादव का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही श्रमिक की मौत की असल वजह सामने आएगी। परिवारीजनों को घटना की सूचना दी गई है।