जल्द शुरू होगी एम्स की ओपीडी, दिल्ली एम्स के पूर्व निदेशक ने किया दौरा
रायबरेली। शहर से सटेदरियापुर में एम्स की ओपीडी जल्द शुरू हो सकती है। शुक्रवार को दिल्ली एम्स के पूर्व निदेशक व एडवाइजर प्रो. एके महापात्रा की अगुवाई में सात सदस्यीय टीम यहां पहुंची।
पूरे परिसर का निरीक्षण करने के साथ ही कमियों को खंगाला। दो घंटे से अधिक समय तक चली पड़ताल के दौरान जिम्मेदार अधिकारियों के साथ बैठक करके जल्द ही ओपीडी शुरू कराने के संबंध में गुफ्तगू की।
ओपीडी भवन के मरम्मत के साथ ही बाउंड्रीवाल, कैंटीन, सिक्योरिटी आदि की व्यवस्था जल्द ही सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। माना जा रहा है कि जून तक एम्स की ओपीडी शुरू हो जाएगी।
शुक्रवार दोपहर 12.30 बजे एम्स दिल्ली के पूर्व निदेशक प्रो. एके महामात्रा के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम एम्स परिसर पहुंची।
टीम में एसजीपीजीआई चंडीगढ़ के निदेशक, एसजीपीजीआई लखनऊ के टेलीमेडिसिन सेंटर के इंदरजी, एचएससीसी के डीजीएम रवि रंजन आदि शामिल रहे।
टीम ने सबसे पहले ओपीडी के प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। अस्थायी ओपीडी के भवन को तत्काल मरम्मत कराकर ठीक कराने के आदेश दिए। आवासीय परिसर में पहुंचकर भवनों को देखा। करीब एक घंटे तक पूरे परिसर में भ्रमण करके कमियों को खंगाला।
एम्स परिसर में ही अधिकारियों के साथ बैठक करके एम्स को जल्द से जल्द शुरू कराने पर विचार-विमर्श किया। अब तक बाउंड्रीवाल का काम पूरा न होने पर नाराजगी भी जताई गई और निर्माण इकाई को इस काम को जल्द से जल्द पूरा कराने के आदेश दिए।
इस दौरान एंबुलेंस, स्टाफ और चिकित्सकों की व्यवस्था और उनके रहने व सुरक्षा पर भी चर्चा की गई। खाने-पीने के लिए कैंटीन आदि की भी जल्द ही व्यवस्था कराने के लिए कहा गया।
उन्होंने जिला अस्पताल के वरिष्ठ रेडियोलॉजिस्ट डॉ. अल्ताफ हुसैन से ओपीडी के संबंध में सुविधाओं की व्यवस्था के संबंध में जानकारी एकत्र की।
एम्स की ओपीडी को टेलीमेडिसिन से भी जोड़ने के संबंध में भी चर्चा की गई जिससे गंभीर रोगियों को सीधे एम्स दिल्ली व एसजीपीजीआई लखनऊ से संपर्क कराकर इलाज शुरू कराया जा सके।