रिटायर्ड रेलवे कर्मी को बस ने रौंदा
ऊंचाहार (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में मंगलवार को साइकिल से रिश्तेदारी में जा रहे रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी को रोडवेज बस ने रौंद दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची भदोखर पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक को दबोच लिया। यह हादसा लखनऊ-इलाहाबाद राजमार्ग पर क्षेत्र के गोपापुर गांव के पास हुआ।
गदागंज थाना क्षेत्र के भुरकुसापुर मजरे नसीरनपुर निवासी सुंदरलाल (63) रेलवे में ट्रॉली मैन के पद पर तैनात था। तीन साल पहले वह रिटायर हो गए थे।
मंगलवार को वह साइकिल से ऊंचाहार के गोपापुर गांव में अपने भतीजे की ससुराल जा रहा था। गांव जाने के लिए बुजुर्ग ने जैसे ही साइकिल मोड़ी, ऊंचाहार की ओर से आ रही रोडवेज बस ने उसे टक्कर मार दिया।
इससे वह काफी दूर सड़क पर जा गिरा। आसपास के लोग दौड़े, लेकिन बस तेजी के साथ निकल गई। लोेगों ने उसे सीएचसी पहुंचाया लेकिन डॉक्टरों ने घायल को मृत घोषित कर दिया।
उधर, दुर्घटना कर भाग रही रोडवेज बस को भदोखर पुलिस ने पकड़ लिया। एसओ धनंजय सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।