सलोन पुलिस के हत्थे चढ़ा वाहन चोर गिरोह
रायबरेली। सलोन कोतवाली पुलिस के हत्थे एक बड़ा वाहन चोर गिरोह चढ़ा है। पुलिस ने कौशांबी जिले के एआरटीओ दफ्तर के रिटायर्ड बाबू समेत छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर एक साथ चोरी की गई 36 बाइक बरामद की हैं। पुलिस की मानें तो इस गिरोह का कई जनपदों में नेटवर्क फैला था। बाइक चोरी कर उसे बेच देते थे। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
एएसपी शशिशेखर सिंह ने बुधवार को बताया कि कोतवाल जीडी शुक्ला, करहिया चौकी इंचार्ज विजय नारायण शुक्ला की टीम ने वाहन चोर गिरोह के छह बदमाशों को पकड़ा है। इसमें प्रमोद कुमार पाल निवासी सवैया मीरा थाना ऊंचाहार रायबरेली, श्यामू मौर्या निवासी कुम्हारन का पुरवा थाना नवाबगंज, रोहित कुमार निवासी मगौरामजरे पूरे चंद्र, रंजीत कुमार यादव निवासी राजमदीपुर थाना सांगीपुर, अजय वर्मा निवासी गड़हा थाना सांगीपुर जिला प्रतापगढ़, रामचंद्र यादव निवासी पूरे अयोध्या थाना चरवा जिला कौशांबी शामिल हैं। वहीं जितेंद्र कुमार यादव निवासी मटियारी जिला प्रतापगढ़ फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पकड़े गए गिरोह के पास से चोरी की 36 बाइक बरामद की गई हैं, जो अलग-अलग स्थानों से चोरी की गई थीं। पकड़ा गया रामचंद्र यादव कौशांबी जिले के एआरटीओ दफ्तर का रिटायर्ड बाबू है। यही गैंग का सरगना था। इनका रायबरेली के अलावा प्रतापगढ़, कौशांबी समेत कई जनपदों में नेटवर्क फैला था। एएसपी ने बताया कि पकड़े गए आरोपी शातिर किस्म के हैं। ये वाहन चोरी करने के बाद उनके नंबर बदलते देते थे। अधिकतर वाहनों के नंबर जांच में दूसरे पाए गए, जबकि गाड़ियों में अन्य नंबर लिखे थे। कई गाड़ियों के नंबर की जानकारी नहीं हो पाई, जिनका पता लगवाया जा रहा है। पकडे़ गए आरोपी प्रमोद कुमार पाल और श्यामू मौर्य के खिलाफ कई चोरी, एनडीपीएस एक्ट, शस्त्र अधिनियम के कई केस दर्ज हैं। एएसपी ने गिरोह को पकड़ने वाली पुलिस टीम को पांच हजार रुपये देकर पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की। इस मौके पर सीओ सलोन चरन सिंह भी मौजूद रहे।