गांवों की सुरक्षा के लिए करेंगे रतजगा
डीह (रायबरेली)। थाना क्षेत्र में चोरी, लूट, डकैती की वारदातों को रोकने के लिए ग्रामीण टीम बनाकर रतजगा करेंगे। एसओ और ग्राम प्रधान की मौजूदगी में बैठक हुई, जिसमें यह निर्णय लिया गया है। ग्राम प्रधान अंबरीश यादव की अगुवाई में सादीपुर कोटवा, लोधवारी, आटी मोहगवां में चौपाल लगाई गई। इसमें गांव के सात बुजुर्ग लोगों की टोली बनाई गई। अब गांव के मामले गांव में ही निपटाए जायेंगे। इसी तरह गांव में पहरा देने के लिये सात टोलियों का चयन किया गया, जो रात में गांव में घूम-घूम कर ‘जागते रहो-जागते रहो’ की आवाज लगा कर गांव की सुरक्षा करेंगे। एसओ जीडी शुक्ला ने बताया कि ग्रामीणों का यह प्रयास सराहनीय है। इस मौके पर अमरेश यादव, मनमोहन, विद्यावती, फूलमती आदि मौजूद रहे।