रायबरेली। कोरोना के कहर के बीच खांसी, जुकाम और बुखार से ग्रसित लोगों को चिह्नित करने के लिए शुरू हुए स्क्रीनिंग अभियान के दूसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने 37 हजार से अधिक घरों में पहुंचकर लोगों की जांच की। 1.45 लाख लोगों की स्क्रीनिंग करने पर 51 लोगों में लक्षण मिले। संबंधित लोगों की कोरोना जांच के लिए सैंपलिंग होगी।
राष्ट्रीय शहरी स्वास्थ्य मिशन के जिला समन्वयक विनय पांडेय ने बताया कि डीएम के निर्देश पर सोमवार से खांसी, जुकाम और बुखार के रोगियों को चिह्नित करने के लिए थर्मल स्क्रीनिंग अभियान शुरू किया गया है। मंगलवार को दूसरे दिन शहर के गोराबाजार, जफर नगर, इंदिरानगर, अमर नगर, खाली सहाट, सत्य नगर, निरालानगर, रानानगर सहित सभी मोहल्लों में थर्मल स्क्रीनिंग की गई।
इसके अलावा जगतपुर, ऊंचाहार, गौरा, सलोन, डीह, छतोह, बछरावां, हरचंदपुर आदि ब्लॉकों के गांवों में भी टीमों ने पहुंचकर जांच की। मंगलवार को 1200 टीमों ने 37 हजार घरों के 1.45 लोगों की स्क्रीनिंग की। इसमें करीब 51 लोग सर्दी, जुकाम और बुखार से ग्रसित मिले। टीमों ने गांवों में लोगों को कोरोना से बचने के टिप्स भी दिए। मास्क का प्रयोग करने के साथ ही सोशल डिस्टेसिंग का पूरी तरह से पालन करने की सलाह दी।