रायबरेली। लखनऊ में जहरीली शराब पीने से पांच लोगों की हुई मौत के बाद शनिवार को जिले में 502 शराब की दुकानों पर ताबड़तोड़ छापे मारे गए। शहर में अनियमितता पाए जाने पर अंग्रेजी और बीयर की दो दुकानों को सील करा दिया गया। देशी शराब के 50 नमूने जांच के लिए भेजे गए।
डीएम वैभव श्रीवास्तव, एसपी श्लोक कुमार ने सीओ सदर डॉ. अंजनी कुमार चतुर्वेदी, आबकारी निरीक्षक सदर अजय कुमार के साथ शहर में संचालित शराब की दुकानों पर छापा मारा। रेलवे स्टेशन स्थित अंग्रेजी और बीयर की दुकान को चेक किया। अंग्रेजी की दुकान का अस्थायी लाइसेंस मिला। इसके अलावा अन्य खामियां मिली। बीयर की दुकान में स्टाक रजिस्टर पूरा नहीं मिला।
सेल्समैन पूछताछ में अपना नाम सही नहीं बता पाया। इस पर डीएम-एसपी का माथा ठनक गया और उन्होंने दोनों दुकानों को सील करा दिया। जानकारी में यह बात भी आई कि बिना बैच नंबर के शराब बेची जा रही थी। शहर क्षेत्र में 25 दुकानों को चेक किया गया। देशी शराब के नमूने लिए गए।
आबकारी निरीक्षक महराजगंज कीर्ति प्रकाश पांडेय, बछरावां थानेदार राकेश सिंह ने क्षेत्र में संचालित शराब की दुकानों को चेक किया। देशी शराब के नमूने भरे गए। एसडीएम डलमऊ सविता यादव, आबकारी निरीक्षक डलमऊ अजय कुमार गौतम ने डलमऊ, मुराईबाग, बेलहनी मार्ग, राना का पुरवा, चंद्रभूषणगंज समेत अन्य स्थानों पर शराब की दुकानों को चेक किया। अनियमितता पर जुर्माना लगाया।
एसडीएम ऊंचाहार केशवनाथ गुप्ता, आबकारी निरीक्षक ऊंचाहार अजय कुमार गौतम ने क्षेत्र की शराब की दुकानों को चेक किया। देशी शराब के नमूने भरे। आबकारी निरीक्षक लालगंज नरेंद्र श्रीवास्तव ने भी टीम के साथ शराब की दुकानों को चेक किया। जिला आबकारी अधिकारी राजेश्वर मौर्या ने बताया कि देशी शराब की 310, अंग्रेजी की 108, बीयर की 84 और दस मॉडल शॉप को चेक किया गया। शासन के निर्देश पर देशी शराब के अलग-अलग स्थानों पर करीब 50 नमूने भरवाए गए।
लखनऊ में जहरीली शराब से लोगों की मौत के बाद छापे तेज हो गए हैं। लखनऊ से आए प्रवर्तन दल के साथ आबकारी निरीक्षक अजय कुमार गौतम, आबकारी निरीक्षक कीर्ति प्रकाश पांडेय, देविका शुक्ला ने भदोखर थाना क्षेत्र के कटहरतर मजरे गढ़ी मुतवत्ली, कबूलियन का पुरवा, शिवगढ़ थाना क्षेत्र के नया पुरवा गांवों में छापा मारा गया। इस दौरान 200 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई। सात धंधेबाजों पर केस दर्ज कराया गया। 21 क्विंटल लहन नष्ट किया गया।
एसपी श्लोक कुमार ने बताया कि अन्य जिलों में कच्ची शराब से पीने से लोगों की हो रही मौतों को गंभीरता से लिया गया है। आबकारी विभाग के साथ ही सीओ, थानेदारों को निर्देश दिए गए हैं कि यदि कहीं पर कोई कच्ची शराब बना रहा है तो उस पर कार्रवाई की जाए। लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। शनिवार को छापामारी करके शराब की दुकानों को चेक किया गया। अनियमितता मिलने पर शहर में दो दुकानों को सील किया गया।