बछरावां क्षेत्र में दूसरे गांव पानी भरने जाते तद्दीपुर गांव के ग्रामीण
बछरावां। यादव का पुरवा गणेशपुर मजरे तद्दीपुर गांव में पिछले 100 वर्षों से पेयजल संकट बना हुआ है। करीब 500 लोग सुबह, दोपहर और शाम एक किलोमीटर दूर पड़ोसी गांव से पानी लाने को मजबूर हैं। गांव में खारा पानी होने के कारण ग्रामीणों को संक्रमण और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण संतोष कुमार, ज्ञानवती और गीता ने बताया कि दूसरे गांव से पानी लाने में उनका पूरा जीवन बीत गया, लेकिन अब तक गांव में पेयजल की सुविधा नहीं मिल सकी है। गांव में लगे कई हैंडपंप खराब हैं, जबकि कुछ से खारा पानी निकलता है। ग्राम पंचायत कसरावां में दो बार पानी की टंकी बनवाई गई। इस पर करीब एक करोड़ रुपये खर्च हुए, लेकिन शारदा सहायक नहर के कारण पाइपलाइन नहीं बिछाई जा सकी। ग्रामीण शंकर और राजू ने बताया कि गांव में दो बार पाइपलाइन बिछाई गई, लेकिन आज तक उसमें पानी नहीं आया।
ग्रामीणों के अनुसार, खारे पानी के इस्तेमाल से संक्रमण की शिकायतें हो रही हैं और दांत खराब हो रहे हैं। इससे कपड़े धोने पर उनका रंग उड़ जाता है और वे जल्दी खराब हो जाते हैं। बच्चों को पानी लाने के लिए जंगल के रास्ते भेजने पर परिजनों को अनहोनी का डर बना रहता है।
छात्र अंशु यादव ने बताया कि पानी लाने के कारण उनकी पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीण रामकली, सोनम और बिरजू ने कहा कि इस समस्या को जनप्रतिनिधियों के सामने रखा गया, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया।
जल निगम के अवर अभियंता सचिन प्रजापति ने बताया कि नहर विभाग से पाइपलाइन को नहर के पार ले जाने की अनुमति नहीं मिली है। फाइल दोबारा सिंचाई विभाग को भेजी गई है। वहीं, उप जिलाधिकारी आयुष अग्रवाल ने कहा कि उन्हें प्रकरण की जानकारी नहीं है। मामले की जांच कराई जाएगी। (संवाद)