रायबरेली। पावर कॉर्पोरेशन की लचर व्यवस्था के कारण शहर के करीब 45 हजार उपभोक्ताओं को बिजली संकट से राहत नहीं मिल रही है। प्रगतिपुरम और आचार्य द्विवेदी नगर उपकेंद्र से जुड़े मोहल्लों में अक्सर बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। रविवार को आचार्य द्विवेदी नगर से निकले रतापुर फीडर और 33 केवी लाइन में फॉल्ट के कारण करीब एक घंटे बिजली गुल रही।
रतापुर फीडर से एकता बिहार, रतापुर, सब्जी मंडी समेत कई मोहल्लों को बिजली आपूर्ति होती है। रविवार दोपहर करीब तीन बजे आपूर्ति बंद हो गई। इससे लोगों को गर्मी और उमस में परेशानी उठानी पड़ी। करीब चार बजे बिजली बहाल होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
इसी तरह आचार्य द्विवेदी नगर उपकेंद्र से मुंशीगंज, एम्स रोड, शहीद स्मारक रोड और आचार्य द्विवेदी नगर समेत कई मोहल्ले जुड़े हैं। रतापुर ट्रांसमिशन से आने वाली 33 केवी लाइन में फॉल्ट होने से दोपहर करीब 3:14 बजे से चार बजे तक आपूर्ति बाधित रही।
उपभोक्ता शरद मेहरोत्रा, विपिन कुमार और दयाशंकर ने बताया कि शहर की बिजली व्यवस्था गांवों से भी बदतर हो गई है। आए दिन किसी न किसी तकनीकी खामी के कारण बिजली गुल रहती है। कई बार घंटों आपूर्ति बाधित रहती है। शिकायत के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा है। बिजली कटौती से व्यापारियों के कारोबार पर भी असर पड़ रहा है।
दो महीने से ट्रांसफार्मर खराब
रायबरेली। सरेनी ब्लॉक के लालखेड़ा मजरे माधवपुर गांव का ट्रांसफार्मर दो महीने से खराब है। इससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अनिल बाजपेयी, धर्मेंद्र पाल और रामप्रताप पाल ने बताया कि ट्रांसफार्मर बदलवाने के लिए कई बार ऑनलाइन शिकायत की गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।
ग्रामीणों के मुताबिक, कुछ लोगों ने दूर स्थित दूसरे ट्रांसफार्मर से केबल जोड़कर बिजली का इंतजाम किया है। इससे हादसे का खतरा बना हुआ है। सबसे ज्यादा परेशानी पानी को लेकर है। ग्रामीणों को करीब 200 मीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है। लालगंज एक्सईएन गोपाल सिंह ने बताया कि ट्रांसफार्मर खराब होने की जानकारी नहीं थी। जल्द ही उसे बदलवाया जाएगा।
आधे घंटे में फुंक गया ट्रांसफार्मर
रायबरेली। सलोन के सेंधियापुर कस्बे में लगा ट्रांसफार्मर आपूर्ति शुरू होने के करीब आधे घंटे बाद ही फुंक गया। इससे उपभोक्ता दो दिन से बिजली संकट झेल रहे हैं। नहर पटरी के किनारे लगे ट्रांसफार्मर की केबल में शुक्रवार दोपहर आग लग गई थी। शनिवार को केबल बदलकर आपूर्ति शुरू की गई लेकिन करीब आधे घंटे बाद ट्रांसफार्मर फुंक गया।
उपभोक्ता रामकेवल, बसंत, मदन और विपिन ने बताया कि ट्रांसफार्मर के आसपास बड़ी-बड़ी झाड़ियां उगी हैं। आए दिन स्पार्किंग होती थी। अवर अभियंता दयानंद शाह ने बताया कि ट्रांसफार्मर बदलवाने की प्रक्रिया चल रही है।