रायबरेली। आरडीए और डूडा की ओर से सोमवार को फिरोज गांधी कॉलेज स्थित इंदिरा गांधी सभागार में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें शहर के बरखापुर में बनने वाले 500 फ्लैटों के आवंटन के संबंध में गरीबों को जानकारी दी गई। आरडीए के सचिव एके राय ने कहा कि पीएम आवास योजना के तहत बनने वाले फ्लैटों के लिए लोग 28 फरवरी तक आईसीआईसीआई बैंक से फार्म लेकर डूडा में आवेदन कर सकते हैं।
सचिव ने कहा कि साढे़ चार लाख रुपये की लागत के फ्लैट गरीबों को मात्र दो लाख रुपये में दिए जाएंगे। आवेदन के बाद पांच हजार रुपये का चालान लाभार्थियों को जमा करना होगा। फ्लैट के आवंटन के समय लाभार्थियों को 15 हजार रुपये और जमा करने होंगे। इसके बाद आसान किस्तों में शेष 1.80 लाख रुपये का भुगतान करना होगा।
डूडा के परियोजना अधिकारी सुधाकांत मिश्रा ने कहा कि जिन लोगों ने आवास के लिए ऑनलाइन आवेदन अब तक नहीं किया है, वे डूडा मेें आकर आवेदन कर सकते हैं। इसके बाद सूची आरडीए को उपलब्ध करा दी जाएगी। कार्यशाला में आरडीए के सहायक अभियंता एम. अहमद आदि ने भी लाभार्थियों को आवासों के संबंध में जानकारी दी। इस मौके पर दो सौ से अधिक लाभार्थी कार्यशाला मेें शामिल हुए।