कस्तूरबा विद्यालय में कोर्स पूरा नहीं, लगाई फटकार
रायबरेली। जिले के कस्तूरबा गांधी विद्यालयों का हाल बुरा है। इन विद्यालयों की हकीकत निरीक्षण के दौरान खुल रही है। पिछले दिनों एसडीएम सदर ने विद्यालयों का दौरा किया था तो काफी कमियां मिली थीं। इसी तरह बुधवार को बालिका शिक्षा के जिला समन्वयक अनिल कुमार त्रिपाठी ने कस्तूरबा गांधी विद्यालय ऊंचाहार का निरीक्षण किया, जहां गंदगी और अव्यवस्था नजर आई। यही नहीं, महत्वपूर्ण विषयों गणित, विज्ञान एवं अंग्रेजी का कोर्स ही पूरा नहीं हुआ है।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि विद्यालय में तीनों महत्वपूर्ण विषयों के अध्यापकों के पद रिक्त हैं। इस पर जिला समन्वयक ने कहा कि इस बारे में जल्दी ही विज्ञप्ति जारी करके अध्यापकों की नियुक्तियां की जाएंगी। फिलहाल पिछड़ चुके कोर्स को जल्द से जल्द पूरा किया जाए। डीसी ने देखा कि शौचालय में काफी गंदगी है और पानी टपक रहा है। साथ ही विद्यालय में अव्यवस्थाएं भी नजर आईं। इस पर डीसी ने वार्डेन को फटकार लगाते हुए व्यवस्था दुरुस्त कराने और सफाई पर खास ध्यान देने की बात कही।
जिला समन्वयक सुबह स्कूल खुलते ही पहुंच गए। उस समय पार्टटाइम टीचर नीलिमा उपस्थित नहीं थी। एक घंटे देर से विद्यालय पहुंची तो डीसी ने उसने स्पष्टीकरण मांगा और संतोषजनक जवाब न मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी। विद्यार्थियों की उपस्थिति कम होने पर भी नाराजगी जताई। इसके बाद डीसी ने प्राइमरी स्कूल महमदपुर चंदऊ और प्राइमरी तथा जूनियर हाईस्कूल पट्टी रहस कैथवल का निरीक्षण भी किया। इन विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति कम होने पर प्रधानाध्यापक को फटकार लगाई।