एनटीपीसी ऊंचाहार में चार यूनिट चालू
रायबरेली। एनटीपीसी में हादसे के बाद एहतियातन बंद की गई चार यूनिटों को फिर से चालू कर दिया गया है। इसमें एक यूनिट गुरुवार को दोपहर में, जबकि तीन अन्य यूनिटें शुक्रवार सुबह लाइट अप की गई हैं। 210-210 मेगावाट वाली इन चारों यूनिटों से 840 मेगावाट बिजली का उत्पादन शुरू हो गया है। दो यूनिटें अभी बंद हैं, जिसमें एक यूनिट हफ्ते भर पहले से बंद थी और दूसरी छह नंबर की यूनिट में विस्फोट हो गया था। इस तरह 710 यूनिट बिजली उत्पादन प्रभावित चल रहा है।
एनटीपीसी की यूनिट नंबर छह में बुधवार शाम हादसे के बाद बिजली उत्पादन कर रही यूनिट नंबर 2, 3, 4 व 5 को एहतियातन बंद कर दिया गया था। यूनिट नंबर एक मेंटीनेंस के लिए पहले से बंद थी। अधिकारियों को इन यूनिटों पर हादसे का असर होने की आशंका थी। बिजली उत्पादन ठप होने से परियोजना को दो दिनों में करोड़ों का नुकसान हुआ है। हादसे के दूसरे दिन गुरुवार को दोपहर बाद यूनिट नंबर 4 से 210 मेगावॉट का उत्पादन शुरू किया गया था। परियोजना के जनसंपर्क अधिकारी एके श्रीवास्तव ने बताया कि यूनिट नंबर 2, 3, 4 व 5 को लाइट अप कर दिया गया है।