सीबीआई जांच न होने पर मोदी व योगी का होगा घेराव
रायबरेली। यदुवंशी महासभा के प्रदेश स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने अप्टा मजरे इटौरा बुजुर्ग कांड की सीबीआई जांच की मांग उठाई है। कहा कि अब तक की कार्रवाई में पुलिस एक पक्ष का ही उत्पीड़न कर रही है। महासभा ने कहा है कि प्रधान पक्ष को न्याय दिलाने के लिए डीएम, एसपी और फिर योगी और मोदी सरकार का घेराव किया जाएगा। कहा है कि इस मामले में कौन दोषी है और कौन नहीं। यह सिर्फ सीबीआई ही साफ कर सकती है। उक्त बातें अखिल भारतीय यदुवंशी महासभा के राष्ट्रीय महासचिव कपिल मुनि यादव की अगुवाई में अप्टा कांड की पड़ताल करने आए कई प्रदेशों के अध्यक्षों व प्रभारियों ने मंगलवार को सुल्तानपुर तिराहा स्थित एक होटल में मीडिया से हुई वार्ता में कहीं।
प्रधान को दिया मदद का भरोसा
अखिल भारतीय यदुवंशी महासभा के राष्ट्रीय महासचिव कपिल मुनि यादव व उत्तर प्रदेश यदुवंशी महासभा की महिला अध्यक्ष कमला यादव ने ग्राम प्रधान रामश्री व उनके परिवार की बहुओं व रिश्तेदारों को हर संभव मदद का भरोसा दिया। कपिल मुनि ने कहा कि देश के 26 करोड़ यदुवंशी उनके परिवार के साथ है।
सीबीआई जांच न होने पर खटखटाएंगे अदालत का दरवाजा
रायबरेली। दलित, पिछड़ा, अल्पसंख्यक मोर्चा ने भी अप्टा कांड की सीबीआई जांच की मांग की है। विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों ने कहा है कि इस मामले में सिर्फ प्रधान पक्ष का उत्पीड़न किया जा रहा है। इस मामले की जांच सीबीआई से नहीं कराई गई तो अदालत का दरवाजा खटखटाया जाएगा। सेंट्रल बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष डीपी पाल, प्रबुद्ध पिछड़ा वर्ग संघ के संरक्षक डॉ. राम बहादुर वर्मा, पाल सभा के जिलाध्यक्ष पीएल पाल, कुर्मी सभा के जिलाध्यक्ष भारतलाल वर्मा, यादव महा पंचायत के अध्यक्ष हीरालाल यादव आदि ने मंगलवार को एक होटल में मीडिया से बातचीत में कहा कि वारदात की वजह क्या है, मारे गए लोग गांव की तरफ क्यों गए थे, इस सब की पड़ताल सिर्फ सीबीआई कर सकती है।
अप्टा कांड की हो सीबीआई जांच : कांग्रेस
रायबरेली। जिला युवक कांग्रेस की संगठन कार्यालय में रविवार को आयोजित बैठक में अप्टा कांड की सीबीआई जांच की मांग की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि इस मामले में दोषियों को सजा मिले और इस तरह की वारदात दोबारा न हो। इसलिए सीबीआई से जांच जरूरी है। कांग्रेसियों ने अप्टा कांड की निंदा की। इस मौके पर जिलाध्यक्ष राहुल बाजपेयी, गोविंद सिंह, सत्यम तिवारी, राघव्रेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।