इस पर समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने लाठियां पटककर समर्थकों को खदेड़ा। इससे काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा।
प्रधान और पंचायत सदस्य के दावेदारों की भीड़ अधिक होने के कारण नामांकन पत्र जमा करने में परेशानी हुई। यही नहीं पहले परचा दाखिल करने के चक्कर में दावेदारों में धक्कामुक्की की नौबत आई।
दूसरे और अंतिम दिन पांच ब्लॉकों में प्रधान पद के 1005 और सदस्य पद के 3033 दावेदारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया। कुल 4038 दावेदारों ने नामांकन किया।
इस तरह दो दिन में साढ़े छह हजार से ज्यादा उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए। पांच ब्लॉकों में पहले चरण की नामांकन प्रक्रिया दूसरे दिन भी सुबह आठ बजे से शुरू हुई।
सुबह से ही प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्यों की पर्चा दाखिल करने के लिए लाइनें काउंटरों पर लग गईं। पांचों ब्लॉक के 32 काउंटरों पर जबरदस्त भीड़ रही। पहले परचा जमा करने के लिए दावेदारों में धक्कामुक्की भी खूब हुई।
इससे पुलिस को भी मशक्कत करनी पड़ी। महराजगंज प्रतिनिधि के मुताबिक ब्लॉक में सुबह से ही भारी समर्थकों के साथ नारेबाजी करते हुए दावेदार ब्लॉक पहुंच रहे थे।
नामांकन प्रक्रिया आरओ जय सिंह की देखरेख में हुई। अतरहर ग्रामसभा से एक प्रधान पद का दावेदार अपने भारी समर्थकों के साथ पहुंचा। ब्लॉक के अंदर दावेदार के साथ समर्थक भी जा रहे थे।
इस पर पुलिस ने समर्थकों को रोका। इसी बीच सीओ सत्यपाल सिंह भी पहुंच गए। समर्थकों ने पुलिस के साथ तकरार की। इस पर पुलिस ने लाठियां पटककर उन्हें खदेड़ दिया।
इससे कुछ देर तक हंगामा हुआ, जिससे अफरातफरी रही। हालांकि बाद में मामला शांत हो गया। हरचंदपुर प्रतिनिधि के मुताबिक ब्लॉक में प्रधान और सदस्य के दावेदार समर्थकों के साथ नारेबाजी करते हुए नामांकन स्थल पहुंचे।
आरओ नियाज अहमद की देखरेख में नामांकन प्रक्रिया संपन्न कराई गई। शिवगढ़ प्रतिनिधि के मुताबिक ब्लॉक में भी नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए दावेदारों की भीड़ उमड़ी।
आरओ वीपी सिंह की देखरेख में नामांकन कराया गया। देर से पहुंचने पर सदस्य पद के 15 दावेदार नामांकन नहीं कर पाए। बछरावां प्रतिनिधि के मुताबिक ब्लॉक में भी शोरशराबे के बीच दावेदारों ने नामांकन पत्र दाखिल किया।
आरओ संतोष कुमार ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया सकुशल निपटी। सतांव प्रतिनिधि के मुताबिक आरओ एके सिंह की देखरेख में नामांकन प्रक्रिया हुई।
ब्लॉक में भी नामांकन पत्र दाखिल करने के लिए दावेदारों में होड़ रही। भीड़ अधिक होने के कारण समर्थकों को संभालने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी।
हरचंदपुर ब्लॉक परिसर में मंगलवार को नामांकन के दौरान हरचंदपुर-सिरसा मार्ग पर काफी देर तक जाम लगा रहा। इसके चलते लोगों को आने जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
वाहन रेंगते हुए चले। ऐसा इसलिए हुआ कि दावेदार भारी तादद में समर्थकों के साथ नामांकन करने पहुंच रहे थे। एसओ अरुण शुक्ला ने पहुंचकर जाम को हटवाया, लेकिन जाम बीच-बीच में लगता रहा।
बीडीओ कमलेश सोनी ने बताया कि 18 गांवों के 48 वार्डों से किसी भी प्रत्याशी ने ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए नामांकन नहीं किया। बाकी गांवों के वार्डों से पंचायत सदस्य के लिए दावेदारों ने नामांकन किया है।