रायबरेली। जिले में सोमवार को अलग-अलग सड़क हादसों में दो भाइयों समेत चार लोगों की मौत हो गई। हरचंदपुर थाना क्षेत्र में लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर प्यारेपुर गांव के पास लखनऊ से रायबरेली की ओर जा रहे ट्रक से अज्ञात वाहन की टक्कर हो गई। इससे ट्रक ड्राइवर शिशुपाल (30) पुत्र रामकिशोर निवासी गोपालपुर रसूलाबाद जिला कानपुर देहात गंभीर रुप से घायल हो गया।
पुलिस ने घायल चालक को सीएचसी पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने बताया दुर्घटना में ट्रक ड्राइवर की मौत हुई। किसी भारी वाहन से टक्कर हुई, जो हादसे के बाद भाग गया। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। उधर, ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के सावापुर निवासी छोटेलाल (60) सुबह अपने घर के पास लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पार कर रहा था। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पास में पेट्रोल पंप के कर्मचारियों ने उसे सीएचसी पहुंचाया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक के बेटे सुरेश कुमार ने कोतवाली में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के आफताब नगर निवासी विवेक 19 और उसका चचेरा भाई पंकज कन्हा चौराहे के पास ठेलिया लगाकर परिवार का भरण पोषण करते थे।
सोमवार रात ठेलिया लेकर दोनों घर जा रहे थे। तभी कन्हा चौराहे के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इससे दोनों घायल हो गए। पुलिस ने दोनों भाइयों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। कोतवाल श्रीराम का कहना है कि घटना की जांच कराई जा रही है।