रायबरेली। जिले में सोमवार को दो डॉक्टरों समेत 37 और लोग कोरोना पॉजिटिव मिले। पहले से कोरोना संक्रमित 91 मरीजों के स्वस्थ होने के बाद उन्हें डिस्चार्ज करके घर भेज दिया गया है।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना ने बताया कि सोमवार को एंटीजन जांच में 15 मरीज मिले हैं। इसमें श्रीकृष्णा नर्सिंगहोम की स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. सुमेधा रस्तोगी और अयोध्यापुरी के डॉ. एसके अग्निहोत्री व उनकी पत्नी भी पॉजिटिव पाए गए हैं।
केजीएमयू लखनऊ से 22 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके अलावा पूरे पांडेय, बघेल, ताजपुर, सर्वोदय नगर, चितवनिया, सीआईएसएफ ऊंचाहार, घुरवारा, रेलकोच स्थित एल-2 अस्पताल, पूरे नारायण डीह, लोक निर्माण विभाग की कॉलोनी, इसिया में भी कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं।
सोमवार को 91 मरीजों को स्वस्थ होने के बाद घर भेज दिया गया है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी आरके पांडेय ने बताया कि टीम ने सोमवार को राजकीय कॉलोनी, डीएम आवास रोड, पुलिस चौकी मुंशीगंज, मुंशीगंज तिराहा आदि क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन का काम किया।
लालगंज प्रतिनिधि के अनुसार सीएचसी अधीक्षक डॉ. राजीव गौतम ने बताया कि अभियान के अंतर्गत शिविर लगाकर 46 लोगों की जांच की गई है। जिसमें सभी निगेटिव मिले।
महराजगंज क्षेत्र के हनुमंत सिंह का पुरवा मजरे ताजुद्दीनपुर में महिला प्रधान और उसके पति की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। दोनों को एल-1 अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तहसीलदार विनोद कुमार सिंह ने बताया कि तहसील परिसर के सभी कार्यालयों में बगैर मास्क के प्रवेश पर रोक लगा दी गई है।