मलिकमऊ स्थित एक प्रतिष्ठान में बेसन भरी बोरियों को सील करती एफएसडीए की टीम।
रायबरेली। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग (एफएसडीए) की टीम ने सोमवार को शहर के मलिकमऊ स्थित एक प्रतिष्ठान में छापा मारा। यहां गुणवत्ता खराब प्रतीत होने पर 3.48 क्विंटल बेसन और 2.36 क्विंटल मटर दाल को जब्त कर लिया। टीम ने सात खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे।
नवरात्र पर एफएसडीए की ओर से अभियान चलाया गया है। सोमवार को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अंजनी कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम ने अभियान चलाया। अभियान के दौरान शहर के मलिकमऊ स्थित अमरचंद्र के प्रतिष्ठान में छापा मारा। यहां बेसन और मटर संदिग्ध प्रतीत होने पर नमूना भरा। इसके अलावा टीम ने साबूदाना, पनीर, घी आदि के भी नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय डॉ. सीआर प्रजापति ने बताया कि नवरात्र पर अभियान चलाया गया है। सोमवार को भी टीम ने बड़ी कार्रवाई की। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही जब्त किए गए बेसन और मटर दाल को रिलीज किया जाएगा।