रायबरेली। लखनऊ खंड के शिक्षक और स्नातक एमएलसी पद के लिए मतदान की तैयारी शुरू हो गई है। जिले में आगामी 23 अक्तूबर को मतदान और 27 अक्तूबर को मतगणना होगी। मतदान कराने के लिए 335 कर्मचारियों का बुलावा पत्र भेजा गया है। चुनाव ड्यूटी में नामित कर्मचारियों का प्रशिक्षण 12 और 19 अक्तूबर को राना बेनी माधव सिंह स्मारक सभागार में होगा।
लखनऊ में मंगलवार को संबंधित पदों के लिए नामांकन पत्र जमा करने की प्रक्रिया पूरी हो गई। नाम वापसी की अंतिम तारीख 9 अक्तूबर है। मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल छह दिसंबर को समाप्त हो रहा है। इसके चलते ही आगामी 23 अक्तूबर को होने वाले मतदान के लिए तैयारी शुरू हो गई है। चुनाव ड्यूटी में नामित करने के लिए 335 कर्मचारियों को बुलावा पत्र भेजा गया है। सीडीओ अंजूलता ने बताया कि नामित कर्मचारियों का प्रशिक्षण राना बेनी सभागार में 12 और 19 अक्तूबर को होगा। सभी कर्मचारियों को प्रशिक्षण में शामिल होने के निर्देश दिए गए हैं।
नौ जोनल और 27 सेक्टर मजिस्ट्रेट होंगे तैनात
लखनऊ खंड के शिक्षक और स्नातक एमएलसी पद के लिए 23 अक्तूबर को होने मतदान के लिए नौ जोनल मजिस्ट्रेट और 27 सेक्टर मजिस्ट्रेटों को तैनात किया गया है। मतदान कार्य को पूरी निष्पक्षता से संपन्न कराने के लिए इन्हें 16 अक्तूबर को प्रशिक्षण दिया जाएगा।