जिला पंचायत की कुर्सी हथियाने के लिए घमासान तेज हो गया है। सोमवार को 32 जिला पंचायत सदस्यों ने दस्तावेजों के साथ डीएम अनुज कुमार झा को अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव सौंपा। इस दौरान जिला पंचायत सदस्यों ने जिला पंचायत अध्यक्ष की कार्यशैली पर नाराजगी जताते हुए सोलर लाइट लगवाने में घपला किए जाने का आरोप लगाया। डीएम ने अविश्वास प्रस्ताव लेते हुए जिला जज से अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के लिए लिखापढ़ी करके समय मांगने की बात कहते हुए सदस्यों को वापस कर दिया।
एक बार फिर जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी चर्चा में है। कुर्सी पर कब्जा पाने के लिए जिला पंचायत सदस्य खेमे में बंट गए हैं। अध्यक्ष की कार्यशैली से खफा होकर 32 जिला पंचायत सदस्यों ने सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर सही दस्तावेजों के साथ शपथ पत्र के साथ डीएम को अविश्वास प्रस्ताव सौंपा। डीएम ने अविश्वास प्रस्ताव की जांच कराई, जो सही पाए गए। डीएम अनुज कुमार झा का कहना है कि महिला और पुरुष समेत 32 जिला पंचायत सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव सौंपा है।
अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा करने और मतदान कराने के लिए जिला जज से चर्चा की जाएगी। जिला जज या फिर उनके द्वारा नामित प्रतिनिधि के साथ इस पर चर्चा करके आगे का निर्णय लिया जाएगा। अविश्वास प्रस्ताव सौंपने में रहे शामिल- जिला पंचायत सदस्य प्रभात कुमार, श्रीमती, जितेंद्र सोनकर, सुनीता देवी, गीता गिरि, उमाकांती, कमला देवी, शेर बहादुर, दयावती, रानी लोधी, केशव लाल, राकेश कुमार,दिनेश कुमार सिंह, रामबरन, रामलौटन, वीरेंद्र कुमार, राधेश्याम, चंद्रिका प्रसाद, गीता, करमा देवी, मो. इस्माइल, निर्मला देवी, अमित कुमार, राजेंद्र कुमार, प्रतिभा सिंह, अनुज सिंह, सुमन वर्मा, चंद्रराज पटेल, समेत 32 जिला पंचायत सदस्य शामिल रहे। सभी का कहना है कि सोलर लाइट लगवाने में घपला किया गया है। मनमाने तरीके से सड़कों का निर्माण कराया गया है। इसकी जांच होनी चाहिए।