रायबरेली। डलमऊ पंप कैनाल से निकले गंग नहर की बदहाली जल्द ही दूर होगी। जलकुंभी सफाई के साथ-साथ बाईं पटरी पर पक्की सड़क बनेगी। इससे जहां पांच लाख लोगों को फसलों की सिंचाई के लिए राहत मिलेगी, वहीं मार्ग बनने से लोगों को आने-जाने में भी राहत मिलेगी। इस कार्य के लिए एनटीपीसी ने सिंचाई विभाग को 10 करोड़ रुपये हैंडओवर कर दिया है। यह कार्य यूपीपीसीएल कराएगी।
सिंचाईं विभाग के अभियंताओं का दावा है सितंबर के प्रथम सप्ताह में यह कार्य शुरू करा दिया जाएगा। डलमऊ पंप कैनाल से निकली गंग नहर से करीब 15 से ज्यादा माइनरें निकली हैं। इसके अलावा एनटीपीसी को भी पानी जाता है।
बीते कई सालों से गंग नहर में जलकुंभी और पटरियां जर्जर होने से न तो किसानों को भरपूर पानी मिल पाता है न ही एनटीपीसी ऊंचाहार को भरपूर पानी मिलता है। इस गंग नहर की काया बदलने के लिए भले ही सिंचाई विभाग आगे नहीं आया, लेकिन एनटीपीसी की ओर से जरूर पहल की गई है।
परियोजना ने गंग नहर की मरम्मत और साफ-सफाई के लिए सिंचाई विभाग को 10 करोड़ दिए हैं। गंग नहर की सफाई हो जाने से करीब पांच लाख किसानों को राहत मिलेगी, वहीं ऊंचाहार परियोजना के लिए आसानी से पानी पहुंचेगा।
10 किलोमीटर बनेगी सड़क, तीन किलोमीटर बनेगी लाइनिंग
गंग नगर की सफाई के अलावा रामगढ़ गांव से एनटीपीसी की तक करीब 10 किलोमीटर बाई पटरी पर पक्की सड़क बनाई जाएगी। इससे लोगों को आने-जाने में राहत मिलेगी। इसके अलावा लबेदवा गांव से रामगढ़ तक करीब तीन किलोमीटर से नहर दोंनो ओर की पटरियों को पक्का किया जाएगा। इससे नहर की पटरी कटने की आशंका कम हो जाएगी।
डेढ़ साल से लटका था काम
यह कार्य करीब डेढ़ साल पहले शुरू हो जाना था, लेकिन विभागीय उदासीनता के चलते शुरू नहीं हो सका। यही वजह है कि डेढ़ साल पहले इस कार्य के लिए प्रस्ताव तैयार किया था। परियोजना ने बजट भी दे दिया था, लेकिन काम शुरू नहीं हो सका। अफसर विभागीय कार्य में व्यस्तता बताकर टालते रहे।
डलमऊ पंप से निकले गंगा नहर की बदहाली दूर करने के लिए जल्द ही कार्य शुरू कराया जाएगा। एनटीपीसी की ओर से 10 करोड़ रुपये से यह काम होना है। यूपीपीसीएल को कार्य कराना है। सितंबर के प्रथम सप्ताह में कार्य शुरू करने की बात कही गई है।
- सिद्धार्थ कुमार सिंह, एक्सईएन सिंचाई खंड दक्षिणी