भदोखर में पकड़ा गया फर्जी मेडिकल स्टोर, केस
रायबरेली। सहायक आयुक्त (औषधि) पीके मोदी व दो ड्रग इंस्पेक्टरों की टीम ने शुक्रवार को भदोखर के कुचरिया स्थित विशाल मेडिकल स्टोर पर छापा मारा।
दवा की दुकान का लाइसेंस न मिलने पर करीब 35 हजार कीमत की दवाओं को जब्त कर लिया। वहीं इस मामले में भदोखर थाने में मेडिकल स्टोर संचालक के खिलाफ केस दर्ज कराया गया है। पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार कर लिया है।
लखनऊ मंडल के सहायक आयुक्त (औषधि) को बिना लाइसेंस दवा की दुकान चलाने की शिकायत मिली थी। शुक्रवार को वह औषधि निरीक्षक (डीआई) दीपक शर्मा और उन्नाव के डीआई अजय कुमार संतोषी को लेकर विशाल मेडिकल स्टोर पर पहुंचे।
जांच के दौरान लाइसेंस न मिलने पर दवाओं को जब्त कर लिया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मेडिकल स्टोर संचालक सरांयदामों निवासी धर्मेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
डीआई ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद छापेमारी की गई थी। दवा जब्त कर आरोपी के खिलाफ भदोखर थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।ॅ