चाचा-चाची मत घबराना, वोट डालने जरूर जाना...
रायबरेली। पहले मतदान फिर जलपान। सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो। मतदान हमारा जन्म सिद्ध अधिकार है। चाचा-चाची मत घबराना, वोट डालने जरूर जाना...। यह नारे स्काउट भवन से निकलने वाली मतदाता जागरूकता अभियान रैली में राज्य पुरस्कार रेंजर जांच शिविर में शामिल रेंजर ने लगाए।
स्काउट भवन से निकली मतदाता जागरूकता रैली अस्पताल चौराहा, सुपर मार्केट, घंटाघर, कोतवाली होते हुए स्काउट भवन में रैली समाप्त हुई। रैली को प्रादेशिक संगठन कमिश्नर गाइड कामिनी श्रीवास्तव, लखनऊ मंडल के सहायक प्रादेशिक संगठन कमिश्नर अवनीश कुमार शुक्ला, कानपुर मंडल के सहायक प्रादेशिक संगठन कमिश्नर दिनेश कुमार त्रिवेदी, जिला ट्रेनिंग कमिश्नर गाइड निर्मला देवी व लीडर ट्रेनर लक्ष्मीकांत शुक्ला ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर प्रादेशिक संगठन कमिश्नर तमिल श्रीवास्तव ने रेंजर को संबोधित करते हुए कहा कि आप सब भाग्यशाली हो, क्योंकि प्रदेश स्तर का राज्य पुरस्कार जांच शिविर जनपदों में नहीं होता है, लेकिन यह शिविर रायबरेली में आयोजित किया गया है। भविष्य में आप राष्ट्रपति अवार्ड भी प्राप्त करें। अपने माता पिता अपने विद्यालय और स्काउट गाइड संस्था का नाम रोशन करें।