एनटीपीसी अस्पताल की टीम ने घर
पहुंच कर जांची घायल श्रमिकों की सेहत
रायबरेली। एनटीपीसी ऊंचाहार में हुए हादसे से प्रभावित तथा अस्पताल से छुट्टी पाकर घर लौटे मरीजों के घर पहुंचकर एनटीपीसी के जीवन ज्योति चिकित्सालय के डॉक्टरों ने उनका स्वास्थ्य परीक्षण किया। लोगों को खानपान एवं अन्य आवश्यक परहेज किए जाने संबंधी परामर्श दिए। कहा कि किसी को कोई जरूरत पड़े तो वह तत्काल अधिकारियों को सूचित करे।
हादसे में झुलसे कई लोग अस्पतालों से छुट्टी पाने के बाद अपने घर लौट आए हैं। परियोजना के अपर महाप्रबंधक (मानव संसाधन) सी कुमार तथा सीएमओ डॉ. एमपी सिंह के नेतृत्व में परियोजना की टीम सभी मरीजों के घर पहुंची तथा उनका हालचाल लिया। सभी मरीजों के परिवारीजनों को टीम ने यह भरोसा दिलाया कि मुश्किल समय में पूरा एनटीपीसी परिवार उनके साथ है। डॉक्टरों की टीम ने कहा कि समय-समय पर उनकी देखभाल की जाती रहेगी। एनटीपीसी के पीआरओ एके श्रीवास्तव ने बताया कि बहेरवा गांव निवासी मो. युसुफ, दुर्गाबख्श का पुरवा के रहने वाले राजेश कुमार, खिरोधर के रूपचंद तथा अरविंद कुमार, तरैया निवासी हंसराज तथा फरीदपुर में रहने वाले अमृतलाल अस्पताल से लौट आए हैं। इन सभी मरीजों को डॉक्टरों ने हिदायत दी है कि किसी भी प्रकार के संक्रमण से बचने के लिए साफ सफाई का विशेष ध्यान रखें।