सतांव (रायबरेली)। ब्लॉक सभागार में शुक्रवार को ब्लाॅक प्रमुख आशुवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत की बैठक हुई। इस दौरान सदस्यों ने क्षेत्र पंचायत विकास निधि में डंप 1.68 करोड़ रुपये के सापेक्ष 30 नए प्रस्ताव पेश हुए। बैठक की सूचना दिए जाने के बावजूद बैठक में अनुपस्थित रहे अधिकारियों के प्रति सदस्यों ने नाराजगी जताई।
लगातार तीन बैठकों में न आने वाले खंड शिक्षा अधिकारी को लेकर सदस्यों ने नाराजगी जताई और और कार्रवाई की मांग की। ब्लॉक प्रमुख ने उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजने की बात कही है। शिक्षा व्यवस्था को लेकर जरिया प्रधान भानू प्रताप सिंह ने बताया कि उनके यहां जरिया में स्थित प्राथमिक विद्यालय में चार वर्ष से बिना उनके हस्ताक्षर के मिड-डे मील का भुगतान किया जा रहा है। मामले की शिकायत खंड शिक्षा अधिकारी से की गई, लेकिन जांच में क्या हुआ विभाग ने अभी तक कोई जानकारी नहीं दी है। जगजीवन पुर अमरिया के ग्राम प्रधान ने बैठक में आयुष्मान कार्ड बनवाने में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाया। बताया कि आशा की ओर से आयुष्मान कार्ड बनवाने के नाम पर पैसा मांगा जा रहा है। बैठक में नाला निर्माण, इंटरलाॅकिंग व नाली निर्माण के लिए प्रस्ताव पेश किए गए। बैठक में बीडीओ अंजूरानी, पूर्व प्रमुख उमेश प्रताप सिंह, राजेश वाजपेयी, विनोद त्रिवेदी, कृष्ण जीवन तिवारी, भानू प्रताप सिंह व गया प्रसाद लोधी मौजूद रहे।