बछरावां ब्लॉक क्षेत्र में शनिवार को आग लगने से 30 बीघे गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। सूचना पर देर से दमकल के जवान पहुंचे तो ग्रामीण आक्रोशित हो गए और हंगामा किया। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीण आग को बुझा पाए।
आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। आगजनी से आठ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। बांदा-बहराइच राजमार्ग पर स्थित पश्चिम गांव में शनिवार शाम अचानक किसान शिव कुमार के गेहूं की फसल में आग लग गई।
देखते ही देखते लपटों ने ब्रजबिहारी, राहुल, परीदीन, तबारक अली, शीतला प्रसाद, मिथिलेश कुमार, भीमशंकर, रामशंकर, सुधाकर, करुणाशंकर आदि किसानों की गेहूं की फसल को चपेट में ले लिया। सूचना पर दमकल के जवान जब तक पहुंचे, ग्रामीण काफी मशक्कत के बाद आग को बुझा चुके थे।
इससे गुस्साए ग्रामीणों ने हंगामा किया और नाराजगी जताई। आग से 30 बीघे गेहूं की फसल जली। इससे आठ लाख रुपये के नुकसान की बात कही जा रही है। ग्रामीण गौरव सिंह, रुपेश सिंह, रामू सिंह, राजेश मिश्रा व रज्जन आदि ने बताया कि आग लगते ही फायर ब्रिगेड को फोन पर सूचना दी थी।
लेकिन दमकल के जवान दो घंटे देर से पहुंचे। नलकूप व कुआं की मदद से आग काबू में किया गया। आग कैसे लगी, इसका पता नहीं चल सका है। क्षेत्रीय लेखपाल हनोमान यादव ने बताया कि आग लगने की सूचना मिली है। मौके पर पहुंचकर पीड़ित किसानों की जानकारी कर उचित मुआवजा दिलाया जाएगा।