रायबरेली। कोरोनारोधी पहला टीका 16 जनवरी को लगवाने वाले 246 स्वास्थ्यकर्मियों ने सोमवार को बूस्टर डोज लिया। हालांकि 12 स्वास्थ्यकर्मी बूस्टर टीका लगवाने के लिए नहीं पहुंचे। पहली डोज से वंचित स्वास्थ्यकर्मियों के लिए मॉपअप राउंड में सोमवार को 20 सेंटरों पर 2401 के सापेक्ष 1153 लोगों ने टीका लगवाया।
जिले की जगतपुर, बछरावां, हरचंदपुर और अमावां सीएचसी में 16 जनवरी को टीकाकरण शुरू हुआ था। टीके का पहला डोज लेने के बाद सोमवार को 258 स्वास्थ्यकर्मियों को बूस्टर डोज दिया गया। जगतपुर सीएचसी अधीक्षक डॉ. मनोज शुक्ला सहित 69 लोगों में से 65 लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज दी गई।
हरचंदपुर सीएचसी अधीक्षक डॉ. शरद कुशवाहा ने बताया कि 48 लोगों में से 45 लोगों को बूस्टर डोज और 98 में से 44 लोगों को कोरोनारोधी पहला टीका लगाया गया। अमावां सीएचसी में सभी 72 लोगों को दूसरा टीका लगाया गया। इसके अलावा बछरावां सीएचसी में 66 में से 64 लोगों को बूस्टर टीका लगाया गया।
आईएमए भवन में सोमवार को जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी डीएस अस्थाना सहित 149 लोगों ने कोरोनारोधी टीका लगवाया। जिला महिला अस्पताल में 75 और पुरुष अस्पताल में छूटे आठ लोगों ने कोरोनारोधी टीका लगवाया। सीएमओ डॉ. बीरेंद्र सिंह ने बताया कि बूस्टर टीके से जो लोग बच गए हैं, उन्हें टीकाकरण से संबंधित निर्देश मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी।