अकबरपुर तहसील में आयोजित समाधान दिवस में फरियादियों की शिकायत सुनते डीएम-एसपी।
अंबेडकरनगर। पीड़ितों को तहसील स्तर पर ही समस्याओं का समाधान मिल सके इसके लिए समाधान दिवस का आयोजन किया जाता है।
शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में अकबरपुर तहसील में डीएम अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। समाधान दिवस में आई 240 शिकायतों में केवल 29 शिकायतों का ही निस्तारण हो सका। अकबरपुर तहसील में आयोजित तहसील दिवस में 50 पीड़ितों ने अपनी शिकायत डीएम से कर न्याय की गुहार लगाई। सुनवाई के दौरान एक पीड़ित की ओर औरंगनगर में जमीन पैमाइश में हेरफेर की शिकायत की गई। जिसके बाद राजस्व निरीक्षक से बंटवारे संबंधित पैमाइश कार्य के विषय में जानकारी ली। जिस पर संतोषजनक उत्तर न मिलने पर डीएम ने उनके खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश एसडीएम को दिए। इसी तरह आलापुर में सीडीओ आनंद शुक्ला की अध्यक्षता में समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जहां पर 66 में केवल आठ शिकायत ही निस्तारित हो सकी हैं। वहीं जलालपुर में 77 में सात, भीटी में 33 में पांच टांडा 14 में चार शिकायतों का मौके पर निस्तारण हो सका। इस दौरान एसपी अभिजीत आर शंकर, एडीएम वित्त एवं राजस्व डॉ. सदानंद गुप्ता आदि मौजूद रहे।