दीनशाह गौरा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुर धई में मरीज का इलाज करते चिकित्सक।
रायबरेली। जिले के 54 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें कुल 2353 मरीजों की जांच कर उन्हें दवाएं वितरित की गईं। बदलते मौसम के कारण सर्दी-जुकाम और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। चिकित्सकों ने लोगों को संक्रामक रोगों से बचाव के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी।
मेले में सर्दी-जुकाम के 451, बुखार के 542, पेट दर्द के 97 और आंखों की समस्या से पीड़ित 105 मरीज पहुंचे। इसके अलावा खांसी, गैस और त्वचा संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों का भी उपचार किया गया। जगतपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरदीटीकर में 53 मरीजों की जांच की गई। चिकित्सक डॉ. सुफैल अंसारी ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण बुखार और सर्दी-जुकाम के मरीज बढ़े हैं।
गदागंज प्रतिनिधि के मुताबिक, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जलालपुरधई, गोविंदपुर माधव और रसूलपुर धरावां में 270 मरीजों का उपचार किया गया। सीएचसी अधीक्षक ज्ञान प्रताप सिसौदिया ने लोगों को बुखार से बचाव के लिए सावधानी बरतने और सोते समय मच्छरदानी का इस्तेमाल करने की सलाह दी।
घुरवारा प्रतिनिधि के अनुसार, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कटघर में 92 मरीजों का उपचार किया गया। डॉ. अकील अहमद ने लोगों से बदलते मौसम में विशेष सावधानी बरतने और बीमारी के लक्षण दिखने पर चिकित्सकीय परामर्श लेने की अपील की।