रायबरेली। सदर कोतवाली पुलिस और स्वाट-सर्विलांस टीम ने करीब 22 लाख कीमत की अवैध शराब बरामद की है। यह शराब हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही थी। इस मामले में पुलिस ने तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है।
सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अपर पुलिस अधीक्षक नित्यानंद राय ने बताया कि सदर कोतवाल अतुल सिंह, स्वाट-सर्विलांस टीम प्रभारी अमरेश त्रिपाठी रविवार रात मुखबिर की सूचना पर लखनऊ-प्रयागराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर त्रिपुला चौराहा के पास से एक ट्रक को पकड़ा। तलाशी ली गई तो उसमें शराब की पेटियां रखी थी।
एएसपी ने बताया कि ट्रक से 675 पेटी शराब बरामद की थी। इन पेटियों में आठ हजार लीटर शराब मिली है, जिसकी कीमत करीब 22 लाख 68 हजार है।
उन्होंने बताया कि हरियाणा प्रांत के कोतवाली शहर किला भिवानी के महाराणा प्रताप कॉलोनी निवासी प्रताप सिंह, पंजाब प्रांत के फिरोजपुर जिले के मैकू थाना क्षेत्र के पदी गांव निवासी चंदन सिंह और आगरा जिले के डाकी थाना क्षेत्र के टिकरपुर निवासी गौतम सिंह को गिरफ्तार किया गया है।
यह शराब हरियाणा से बिहार ले जाई जा रही थी। सदर कोतवाल अतुल सिंह ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि आरोपी प्रताप सिंह अवैध शराब का सप्लायर है।
प्रताप सिंह अवैध शराब हरियाणा से लाकर गौतम सिंह को देता था। गौतम इस शराब को बिहार पहुंचाता था। चेकिंग से बचने के लिए तस्करों ने वाशिंग पॉउडर की फर्जी बिल्टी बनवा रखी थी। ट्रक को सीज कर दिया गया है।
सदर कोतवाल का कहना है कि बिहार में अवैध शराब की सप्लाई करने वाला गौतम सिंह शातिर किस्म का है। उसके खिलाफ पांच आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
इसमें गैगस्टर एक्ट का मुकदमा भी शामिल है। कोतवाल का कहना है कि इस अवैध शराब के पीछे और कितने लोग शामिल हैं, उस बारे में पड़ताल की जा रही है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सदर कोतवाली पुलिस और सर्विलांस-स्वाट टीम की ओर से इससे पहले भी अवैध शराब बरामद की गई है। शराब बरामदगी पर सदर कोतवाल अतुल सिंह, स्वाट-सर्विलांस प्रभारी अमरेश त्रिपाठी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह, त्रिपुला चौकी इंचार्ज देवेंद्र कुमार अवस्थी आदि पुलिस कर्मियों को पुरस्कृत किया जाएगा।