बछरावां (रायबरेली)। धोखे से एक युवक ने 10 लाख रुपये कीमत की सीमेंट गायब कर दी। मामला उजागर होने के बाद से सीमेंट मालिक सकते में है। सीमेंट मालिक की तहरीर पर पुलिस ने मुंशी समेत सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मिल एरिया थाना क्षेत्र के पचखरा निवासी बाबू कुलदीप कुमार पाल ने एक सीमेंट फैक्ट्री के पास बीएलके ट्रांसपोर्ट के नाम से कंपनी डाली है।
सात सितंबर को कंपनी की सीमेंट लेकर चार ट्रकों को बाहर जाना था। ट्रांसपोर्ट मालिक के अनुसार किसी पाठक नाम के व्यक्ति ने फोन कर कहा गया कि उसके पास चार ट्रक हैं, जिन्हें वह ट्रांसपोर्ट कंपनी से संबद्ध करना चाहता है।
कंपनी को उस दिन चार ट्रक सीमेंट भेजनी थी। इसलिए ट्रांसपोर्ट पर कार्यरत मुंशी शिव कुमार ने चारों ट्रकों को लोड करा दिया और बिल्टी काट कर दे दी।
कई दिन बीत जाने के बाद जब निर्धारित स्थानों पर माल नहीं पहुंचा तो उन दुकानदारों ने फोन कर इसकी सूचना मालिक को दी। इसकी जानकारी होते ही मालिक के होश उड़ गए।
मालिक ने बिल्टी पर लिखे ट्रक नंबर नंबरों से मालिकों का पता लगाना चाहा तो जानकारी हुई कि गाड़ी नंबर फर्जी थे। जो नंबर ट्रक के बताए गए थे, वह नंबर एसयूवी व पिकअप के थे।
एसओ रवेंद्र सिंह ने बताया कि मालिक की तहरीर पर मुंशी शिवकुमार समेत सात अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।