महराजगंज-सतांव। अलग-अलग थाना क्षेत्र में शनिवार को हुए सड़क हादसों में कोटेदार और एक मासूम की मौत हो गई। महाराजगंज कोतवाली में बाइक की टक्कर से मासूम और गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र में बाइक से गिरने से कोटेदार की मौत हो गई।
महाराजगंज कोतवाली क्षेत्र के महराजपुर मजरे जनई गांव निवासी जगदीश अपने खेत में धान की रोपाई कर रहा था। उसका बेटा जयसिंह (6) सड़क किनारे बैठा खेल रहा था, तभी गांव के ही संतलाल ने बाइक से उसे टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बालक उछलकर दूर जा कर गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के युवक बाइक समेत भाग निकला।
परिवारीजन मासूम को सीएचसी ले गए, जहां डॉक्टरों ने लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफ र कर दिया। ट्रॉमा सेंटर में बालक ने दम तोड़ दिया।
कोतवाल राकेश कुमार सिंह ने बताया कि पिता जगदीश कुमार की तहरीर पर पुलिस ने संतलाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र के गोविंदपुर कठोइया का कोटेदार शशिकांत सिंह (50) बाइक से रायबरेली गया था। वहां से वापस आते समय रायबरेली-लालगंज राजमार्ग पर बदई का पुरवा गांव के पास बाइक अनियंत्रित होकर पलट गई।
इससे वह सड़क पर गिर गया। आसपास के लोगों ने उसे सीएचसी जतुआ पहुंचाया, जहां हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने घायल को जिला अस्पताल रेफ र कर दिया।
जिला अस्पताल पहुंचने से पहले ही कोटेदार की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।