रायबरेली-डीह। जिले में गरीबों के राशन पर डाका डाला जा रहा है। कहीं पति और पत्नी को अलग-अलग अंत्योदय कार्ड जारी करके लाखों के राशन का वारा-न्यारा किया जा चुका है तो कहीं एक ही नाम से दो-दो अंत्योदय कार्ड बनाकर राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम को तार-तार कर राशन का घपला हो रहा है। सलोन ब्लॉक के सूची गांव में कारनामा पकड़ में आने के बाद डीएसओ ने जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही सलोन के आपूर्ति निरीक्षक को तुरंत जवाब देने के आदेश दिए हैं।
शासन के तमाम प्रयासों के बाद भी राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत गरीबों को मिलने वाले राशन को डकारने का काम नहीं थमा है। पहले फर्जी व बाहरी लोगों के राशन कार्ड बनाकर गड़बड़ी की गई, अब पति-पत्नी के नाम ही अलग-अलग अंत्योदय कार्ड बनाकर राशन डकारा जा रहा है। सलोन ब्लॉक के सूची गांव में रामरानी पत्नी रामखेलावन के नाम अंत्योदय कार्ड संख्या 215820297225 व 215820297232 जारी करके हर महीने राशन भी दिया जा रहा है। इसी गांव के मो. शाकिल को अंत्योदय कार्ड संख्या 215820297740 और उसकी पत्नी साजिया खातून को अंत्योदय राशनकार्ड संख्या 215820297545 बनाकर हर महीने शासनादेश के विपरीत राशन दिया जा रहा है।
इसके अलावा ऊंचाहार, जगतपुर, डलमऊ, सरेनी, लालगंज, खीरों व सतांव आदि ब्लॉकों में भी इसी तरह राशन का खेल हो रहा है। मामला पकड़ में आने के बाद डीएसओ ने सलोन के आपूर्ति निरीक्षकों को तत्काल जवाब देने के आदेश दिए हैं। मामले की जांच के भी आदेश दिए हैं। गोरखधंधा पकड़ में आने के बाद संबंधित एआरओ, आपूर्ति निरीक्षकों व कर्मचारियों में हड़कंप मच गया है।
बाबू व उसका दूत कर रहा खेल
सलोन में आपूर्ति कार्यालय में तैनात बाबू ही हर मर्ज की दवा है। खास बात यह है कि अंकित नाम का एक बाहरी आदमी है जो पूरी सलोन तहसील में खेल को अंजाम दे रहा है। पहले वह कार्यालय में बैठकर कारनामों को अंजाम देता था, अब जिला मुख्यालय पर रहकर कोटेदारों के माध्यम से मनमानी को अंजाम दे रहा है। चर्चा तो यहां तक है कि सलोन के आपूर्ति निरीक्षक पुनीत शर्मा की बाबू व उसके दूत के आगे एक भी नहीं चलती है।
मामला संज्ञान में आया है। दो महीने से सूची फ्रीज होने के कारण संबंधित कार्डों को निरस्त नहीं किया जा पा रहा है। मामले में आपूर्ति निरीक्षक से जवाब मांगा गया है। मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-केएन सिंह, जिला आपूर्ति अधिकारी