नक्सली हमले में जिले के एक युवक की मौत
- खीरों क्षेत्र के पाहो गांव का रहने वाला था अनिल कुमार
अमर उजाला ब्यूरो
खीरों (रायबरेली)। छत्तीसगढ़ के सुकुमा जिले में हुए नक्सली हमले में खीरों थानाक्षेत्र के पाहो गांव के रहने वाले अनिल कुमार की मौत हो गई। अनिल के साथ इस हमले में दो जवान भी शहीद हुए थे। अनिल की मौत की सूचना सोमवार देर शाम घर पहुंची तो परिवारीजनों में कोहराम मच गया।
पाहो गांव निवासी अनिल कुमार (38) पुत्र रामपाल कई वर्षों से छत्तीसगढ़ के सुकुमा जिले में अपने ही गांव के ठेकेदार प्रमोद सिंह के साथ रहकर मुनीमगीरी का काम करता था। सुकुमा में इस समय ठेकेदार प्रमोद सिंह भज्जी मार्ग का निर्माण करा रहा था। मार्ग निर्माण में सहयोग कर रहे जिला रिजर्व पुलिस व सीआरपीएफ की टीम पर रविवार की दोपहर नक्सलियों ने हमला कर दिया था। इसमें अनिल कुमार की मौत हो गई। साथ ही दो जवान शहीद हो गए। स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर शव पाहो गांव भेज दिया। शव देर रात तक यहां पहुंचने की बात कही जा रही है। अनिल के परिवार में पत्नी के अलावा बेटे सूरज (18) और आकाश (13) हैं।