होमवर्क न करने पर छात्र को डंडे से पीटा, आई चोटें
रायबरेली। होमवर्क पूरा न करने पर एक अध्यापक ने छात्र की डंडे से पिटाई कर दी। इससे उसे गंभीर चोटें आईं हैं। मामला सदर कोतवाली क्षेत्र का है।
देर शाम पीड़ित परिवार कोतवाली पहुंचा और घटना की तहरीर दी। पुलिस ने छात्र की पिटाई करने वाले शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
भदोखर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर कटैली गांव के देवेंद्र कुमार ने कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि उसका बेटा विकास सिंह न्यू पब्लिक स्कूल नेहरू नगर में कक्षा सात का छात्र है।
गुरुवार को बेटा स्कूल गया था। होमवर्क पूरा न करने की बात पर शिक्षक कृष्णा ने बेटे की डंडे से पिटाई कर दी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं हैं।
कोतवाल अशोक सिंह ने बताया कि पिता की तहरीर पर शिक्षक कृष्णा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। घटना की जांच के बाद मामले में कार्रवाई होगी।
उधर, स्कूल के प्रबंधक अशोक कुमार से इस संबंध में बात करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका मोबाइल स्विच ऑफ था।