पिटाई से क्षुब्ध छात्र ने गोली मारकर की खुदकुशी
खीरों (रायबरेली)। कस्बा खीरों में सोमवार सुबह पिटाई से क्षुब्ध निजी डॉक्टर के बेटे ने अपनी कनपटी पर गोली मार ली। उसे गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान देर शाम उसकी मौत हो गई।
कानपुर के मूल निवासी डॉ. विमल कुमार सचान खीरों में दवाखाना चलाते हैं। उनका छोटा बेटा सचिन उर्फ ऋषि सचान (28) बीटीसी की तैयारी कर रहा है। रविवार शाम दोस्त का बर्थडे मनाने के लिए सचिन मुबारकपुर के पास एक ढाबे पर गया था। वहां किसी बात पर कहासुनी के बाद ढाबा मालिक ने उसकी पिटाई कर दी थी। लालगंज कोतवाली को सूचना देकर उसे पकड़वा भी दिया था। रात में परिवारीजनों ने उसे छुड़ाया था। इससे आहत सचिन ने सोमवार सुबह घर में अपने कमरा बंद कर कनपटी में तमंचा सटाकर गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर सचिन की मां ने खिड़की से झांककर देखा तो बेटे को खून से लथपथ देख शोर मचाया। इस पर घरवालों ने सचिन को सीएचसी खीरों के बाद जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां से सचिन को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ भेजा गया, वहां इलाज के दौरान देरशाम उसकी मौत हो गई। थानाध्यक्ष खीरों संजय सिंह ने बताया कि, घटना की जांच की जा रही है। घटना में इस्तेमाल तमंचा बरामद कर लिया गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।