तीन इंजीनियरों को चेताया, एसडीएम से मांगा जवाब
रायबरेली/महराजगंज। जिले की सभी तहसीलों में मंगलवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में ठंड के बाद भी तहसीलों में 336 लोग शिकायत लेकर पहुंचे। मौके पर 32 शिकायतों का निपटारा कर दिया गया। तहसील महराजगंज में आयोजित तहसील दिवस में मंगलवार को डीएम संजय कुमार खत्री ने शिकायतों से संबंधित पूरी डायरी न दिखा पाने पर सिंचाई विभाग के तीन इंजीनियरों को चेतावनी दी। खजुरो गांव में गलत वरासत करने पर एसडीएम महराजगंज से जवाब-तलब किया। डीएम ने कहा कि ज्यादातर भूमि संबंधी मामले आ रहे हैं, इसलिए पुलिस और तहसील के अधिकारी टीम बनाकर राजस्व संबंधी शिकायतों का मौके पर पहुंचकर निपटारा करें। अपात्रों को आवास देने वाले अधिकारी और कर्मचारी बख्शे नहीं जाएंगे। डीएम ने एक-एक करके 87 मामलों को सुनकर मौके पर ही 15 मामलों को निपटा दिया।
डीएम ने निर्माण कार्यों से जुडे़ इंजीनियरों की डायरी तलब की। इसमें लोक निर्माण विभाग प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता एसके कठेरिया की डायरी ही पूरी मिली। डीएम ने उनकी तारीफ की लेकिन तीन इंजीनियरों की डायरी पूरी नहीं होने पर उन्हें चेतावनी देते हुए काम में सुधार लाने के निर्देश दिए। महराजगंज तहसील क्षेत्र के खजुरों गांव में जमीन की वरासत दूसरे के नाम करने की शिकायत मिलने पर डीएम ने एसडीएम महराजगंज आरपी तिवारी को मामले की जांच करके रिपोर्ट देने के आदेश दिए। इस मौके पर एएसपी शशिशेखर सिंह, सीओ गोपीनाथ, तहसीलदार दृप्ति गुप्ता आदि अधिकारी मौजूद रहे।
तहसीलदार सदर सौरभ शुक्ला ने राही ब्लॉक सभागार में 45 मामलों को सुना। उन्होंने पांच मामलों को मौके पर निपटाया। शेष शिकायतों को संबंधित अधिकारियों को सात दिन में निपटाने के आदेश दिए। एसडीएम ऊंचाहार मदन कुमार ने 47 मामलों में चार मामलों को मौके पर निपटाकर अन्य मामलों को संबंधित अधिकारियों को निस्तारित करने के निर्देश दिए। एसडीएम डलमऊ प्रदीप वर्मा ने 76 मामलों को सुना। यहां पांच मामलों को मौके पर ही निपटाया गया। एसडीएम सलोन श्रीराम सचान ने 81 मामलों में तीन मामलों को मौके पर निपटाया। उन्होंने मामलों को संबंधित अधिकारियों को देकर सात दिन में निस्तारित करने के आदेश दिए।
कहां कितनी शिकायतें आईं
तहसील आईं शिकायतें मौके पर निपटीं
महरागंज 87 15
सदर 45 05
ऊंचाहार 47 04
डलमऊ 76 05
सलोन 81 03
कुल 336 32
डीएम ने देखे प्रसाधन, चेक किए आवास
महराजगंज। तहसील दिवस के बाद डीएम संजय कुमार खत्री क्षेत्र के ही कैर गांव में विकास कार्यों की जमीनी हकीकत को देखने के लिए पहुंचे। डीएम ने गांव में बनवाए गए प्रसाधन कक्षों की गुणवत्ता को देखा। साथ ही प्रधानमंत्री आवासों की गुणवत्ता की भी जांच की। हालांकि डीएम को निर्माण ठीक मिले। डीएम ने कार्यों में और सुधार लाने के साथ ही लक्ष्य के सापेक्ष काम को पूरा कराने के आदेश भी दिए। गांव के लोगों से भी डीएम ने बात की।